– संतोष श्रीवास्तव की रिपोर्ट
बैडमिंटन और टेबल टेनिस में 189 खिलाड़ी दिखा रहे हैं दम, विजेताओं को कोल इंडिया स्तर पर मिलेगा मौका
रांची, 03 सितंबर 2026: ठाकुर विश्वनाथ शाहदेव स्टेडियम, खेलगांव में सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड (सीसीएल) की तीन दिवसीय अंतर-क्षेत्रीय बैडमिंटन एवं टेबल टेनिस प्रतियोगिता का गुरुवार को भव्य शुभारंभ हुआ। 3 से 5 सितंबर तक चलने वाले इस खेल आयोजन का विधिवत उद्घाटन बतौर विशिष्ट अतिथि निदेशक (वित्त) पवन कुमार मिश्रा एवं निदेशक (मानव संसाधन) हर्ष नाथ मिश्र ने किया।
उद्घाटन के अवसर पर खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए निदेशक (वित्त) पवन कुमार मिश्रा ने कहा कि खेल जीवन में अनुशासन और टीम वर्क की भावना का संचार करते हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि खेल में हार-जीत से अधिक महत्वपूर्ण खेल भावना के साथ अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करना होता है। उन्होंने सभी खिलाड़ियों से प्रतियोगिता के दौरान खेल अनुशासन बनाए रखने की अपील की। इसके साथ ही उन्होंने महिला खिलाड़ियों की बढ़ती भागीदारी पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए इसे एक सकारात्मक और उत्साहजनक संकेत करार दिया।
संबोधन के क्रम में निदेशक (मानव संसाधन) हर्ष नाथ मिश्र ने कहा कि इस प्रतियोगिता के माध्यम से सीसीएल की उत्कृष्ट खेल प्रतिभाएं उभरकर सामने आएंगी, जो आगे चलकर राष्ट्रीय एवं अंतर-कंपनी स्तर पर संस्थान का नाम रोशन करेंगी।
तीन दिनों तक चलने वाली इस प्रतियोगिता के विभिन्न वर्गों में रोमांचक और कड़े मुकाबले खेले जा रहे हैं। स्पर्धा में कुल 189 प्रतिभागी हिस्सा ले रहे हैं, जिनमें पुरुष, महिला एवं वेटरन (पुरुष) वर्ग के खिलाड़ी शामिल हैं। बैडमिंटन एवं टेबल टेनिस में ओपन सिंगल्स, ओपन डबल्स और टीम चैंपियनशिप के मुकाबले आयोजित हो रहे हैं, जबकि वेटरन वर्ग में ओपन सिंगल्स एवं ओपन डबल्स के मैच खेले जा रहे हैं।
प्रतियोगिता के दौरान टीम चैंपियनशिप में बरका-सयाल एवं मुख्यालय की टीमों ने बेहतरीन तालमेल, कौशल और खेल भावना का प्रदर्शन करते हुए अगले दौर के लिए अपनी मजबूत दावेदारी पेश की। बैडमिंटन एवं टेबल टेनिस के वेटरन वर्ग के मुकाबलों में हर्ष नाथ मिश्र और पवन कुमार मिश्रा ने भी अपने अनुभव और शानदार फॉर्म का प्रदर्शन किया।
बैडमिंटन के एक रोमांचक मुकाबले में दोनों ने 21-18, 15-21 एवं 21-16 के स्कोर के साथ शानदार खेल दिखाया। वहीं टेबल टेनिस टीम मुकाबलों में मुख्यालय और हजारीबाग की टीमों ने भी उत्कृष्ट प्रदर्शन दर्ज किया।
प्रतियोगिता के तहत 4 एवं 5 सितंबर को भी विभिन्न वर्गों के मुकाबले जारी रहेंगे, जहां खिलाड़ी खिताब के लिए पूरा जोर लगाएंगे।
इस अंतर-क्षेत्रीय प्रतियोगिता में सीसीएल के विभिन्न क्षेत्रों और इकाइयों से खिलाड़ी पूरे उत्साह के साथ प्रतिभाग कर रहे हैं। इनमें आम्रपाली-चंद्रगुप्त, राजहरा, रजरप्पा, गिरिडीह, कुजू, अरगडा, बीएंडके, मगध-संघमित्रा, बरका-सयाल, सीएचआर, ढोरी, मुख्यालय, कथारा, हजारीबाग, एनके, सीआरएस बरकाकाना, पिपरवार और एमआरएस रामगढ़ की टीमें शामिल हैं।
प्रतियोगिता के सफल और निष्पक्ष संचालन के लिए अनुभवी व कुशल तकनीकी अधिकारियों तथा रेफरी की टीम को दायित्व सौंपा गया है, जो पूरे खेल अनुशासन और निष्पक्षता के साथ सभी मुकाबलों का संचालन कर रहे हैं।
इस चैंपियनशिप में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले चुनिंदा खिलाड़ियों को आगामी कोल इंडिया लिमिटेड (सीआईएल) अंतर-कंपनी प्रतियोगिता में सीसीएल का प्रतिनिधित्व करने का अवसर प्राप्त होगा। सीआईएल अंतर-कंपनी टेबल टेनिस प्रतियोगिता नवंबर 2026 में तथा बैडमिंटन प्रतियोगिता दिसंबर 2026 में आयोजित होना प्रस्तावित है।
