20 हजार रुपये रिश्वत लेते अवर सचिव गिरफ्तार

Live ख़बर

Santosh K Srivastav : Editor in Chief & Publisher

एरियर भुगतान के एवज में रिश्वत मांगने का आरोप, निगरानी अन्वेषण ब्यूरो ने पटना में रंगे हाथ दबोचा

पटना, 2 जुलाई 2026। निगरानी अन्वेषण ब्यूरो, बिहार ने भ्रष्टाचार के विरुद्ध एक और बड़ी कार्रवाई करते हुए शिक्षा विभाग के वेतन सत्यापन कोषांग में कार्यरत अवर सचिव अमोद मिश्रा को 20 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी को पटना के गर्दनीबाग स्थित मिनिस्टर इन्क्लेव मोड़ के पास से गिरफ्तार किया गया।

निगरानी अन्वेषण ब्यूरो के अनुसार, नालंदा जिले के बिहारशरीफ निवासी उमा शंकर उमरेबी ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उनके एरियर भुगतान के एवज में अमोद मिश्रा द्वारा 20 हजार रुपये रिश्वत की मांग की जा रही है।

शिकायत प्राप्त होने के बाद ब्यूरो ने मामले का सत्यापन कराया। जांच के दौरान रिश्वत मांगने के आरोप की पुष्टि होने पर 1 जुलाई 2026 को निगरानी थाना कांड संख्या 079/26 दर्ज किया गया। इसके बाद पुलिस उपाधीक्षक श्याम बाबू प्रसाद के नेतृत्व में विशेष धावादल का गठन किया गया।

धावादल ने योजनाबद्ध कार्रवाई करते हुए अमोद मिश्रा को 20 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी से पूछताछ की जा रही है। पूछताछ पूरी होने के बाद उसे माननीय विशेष न्यायालय, निगरानी, पटना में प्रस्तुत किया जाएगा।

निगरानी अन्वेषण ब्यूरो ने बताया कि मामले में अग्रेतर अनुसंधान जारी है और सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।