– एस०एन०चतुर्वेदी : बाढ़ (पटना) संवाददाता
विभिन्न विभागों ने मौके पर सुनी ग्रामीणों की समस्याएं, त्वरित निष्पादन के प्रयासों की ग्रामीणों ने की सराहना
पटना, 21 जुलाई। पटना जिले के बाढ़ प्रखंड अंतर्गत धनावां-मुबारकपुर पंचायत के धनावां मध्य विद्यालय परिसर में मंगलवार को सहयोग शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और कई मामलों का मौके पर ही निष्पादन किया। वहीं शेष मामलों को आवश्यक कार्रवाई के लिए संबंधित विभागों को डिजिटल माध्यम एवं संचिकाओं के जरिए भेजा गया।
सहयोग शिविर का उद्घाटन प्रखंड विकास पदाधिकारी कुमारी अंजू, अंचलाधिकारी रानी कुमारी, पंचायत के मुखिया गोपाल कुमार तथा मुखिया प्रतिनिधि नीरज प्रताप सिंह ने संयुक्त रूप से किया। कार्यक्रम के दौरान आगंतुक अधिकारियों एवं अतिथियों का पुष्पगुच्छ एवं अंगवस्त्र भेंट कर स्वागत किया गया।

शिविर में विभिन्न विभागों के अलग-अलग काउंटर लगाए गए, जहां ग्रामीणों ने राजस्व, सामाजिक सुरक्षा, प्रमाण पत्र, जनकल्याणकारी योजनाओं एवं अन्य प्रशासनिक मामलों से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किए। अधिकारियों ने कई मामलों का तत्काल समाधान किया, जबकि शेष मामलों को निर्धारित समय सीमा में निष्पादन के लिए संबंधित विभागों को अग्रसारित किया गया।
शिविर के दौरान मुखिया प्रतिनिधि नीरज प्रताप सिंह एवं सह मुखिया प्रतिनिधि धीरज प्रताप सिंह लगातार ग्रामीणों की समस्याओं के समाधान में सहयोग करते रहे। उन्होंने लोगों को संबंधित विभागों तक पहुंचाने, आवेदन प्रक्रिया पूरी कराने तथा आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराने में सक्रिय भूमिका निभाई। ग्रामीणों ने उनके सहयोगात्मक व्यवहार एवं जनसेवा की भावना की सराहना की।
मुखिया प्रतिनिधि धीरज प्रताप सिंह ने कहा कि सहयोग शिविर का उद्देश्य पंचायत के प्रत्येक नागरिक को एक ही स्थान पर सरकारी सेवाओं का लाभ उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि पंचायत की जनता को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं और आगे भी जनसेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी।
कार्यक्रम में विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित जद(यू) किसान प्रकोष्ठ के प्रदेश नेता शंभूनारायण सिंह ने सहयोग शिविर की सराहना करते हुए कहा कि इस पहल के माध्यम से सरकार आम लोगों की समस्याओं के समाधान के लिए उनके द्वार तक पहुंच रही है। उन्होंने कहा कि ऐसे शिविरों से आम नागरिकों को सरकारी योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ समयबद्ध तरीके से प्राप्त हो रहा है।

