– Santosh K Srivastav : Editor in Chief & Publisher
पूरे जिले में सीसीटीवी नेटवर्क, ट्रॉमा सेंटर और पैरामेडिकल कर्मियों के मानदेय सहित कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों को मिली मंजूरी
बोकारो, 22 जुलाई। जिला खनिज फाउंडेशन ट्रस्ट (डीएमएफटी) की प्रबंधकीय समिति की बैठक में जिले की सुरक्षा व्यवस्था, स्वास्थ्य सेवाओं और आधारभूत विकास को नई दिशा देने वाले कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। उपायुक्त अजय नाथ झा की अध्यक्षता में समाहरणालय सभागार में आयोजित बैठक में पूरे जिले में आधुनिक सीसीटीवी निगरानी प्रणाली स्थापित करने, स्वास्थ्य सुविधाओं को सुदृढ़ करने तथा विभिन्न विकास योजनाओं को गति देने पर सहमति बनी।
बैठक में खनन प्रभावित क्षेत्रों के साथ-साथ प्रमुख सरकारी कार्यालयों, अस्पतालों, विद्यालयों, प्रखंड एवं अंचल कार्यालयों, थानों के बाहरी परिसर तथा शहर के प्रमुख चौक-चौराहों पर आधुनिक सीसीटीवी कैमरे लगाने के प्रस्ताव को स्वीकृति दी गई। उपायुक्त ने कहा कि इस पहल से जिले की कानून-व्यवस्था और सुरक्षा व्यवस्था को तकनीक के माध्यम से और अधिक प्रभावी बनाया जा सकेगा।
स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के उद्देश्य से सिविल सर्जन-सह-मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी द्वारा प्रस्तुत विभिन्न प्रस्तावों पर भी विस्तार से चर्चा हुई। बैठक में सड़क दुर्घटनाओं के पीड़ितों को त्वरित चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के लिए ट्रॉमा सेंटर के निर्माण एवं संचालन को प्राथमिकता देने का निर्णय लिया गया। इसके अलावा स्वीकृत पदों के विरुद्ध कार्यरत पैरामेडिकल कर्मियों के लंबित मानदेय भुगतान से संबंधित प्रस्तावों पर भी सकारात्मक निर्णय लेते हुए शीघ्र कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
बैठक में प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रूप से खनन प्रभावित क्षेत्रों के अनुमोदन, डीएमएफटी के वार्षिक प्रतिवेदन की स्वीकृति तथा ग्रामीण क्षेत्रों में आधुनिक सुविधाओं के विस्तार के लिए ‘स्मार्ट पंचायत’ से जुड़े कई प्रस्तावों को भी मंजूरी प्रदान की गई।
उपायुक्त अजय नाथ झा ने सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिया कि स्वीकृत योजनाओं का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने पर विशेष बल दिया।
बैठक में पुलिस अधीक्षक नाथू सिंह मीणा, उप विकास आयुक्त शताब्दी मजूमदार, वन पदाधिकारी संदीप शिंदे, सिविल सर्जन डॉ. ए. बी. प्रसाद, जिला खनन पदाधिकारी रवि कुमार, जिला शिक्षा पदाधिकारी प्रवीण रंजन, जिला शिक्षा अधीक्षक अतुल कुमार चौबे, सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी अविनाश कुमार सिंह सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
