सीबीएसई टेबल टेनिस में डीपीएस बोकारो का जलवा, तीन टीमें और दो खिलाड़ी नेशनल के लिए क्वालीफाई

Live ख़बर

– Santosh K Srivastav : Editor in Chief & Publisher

बोकारो, 4 अगस्त। रांची में आयोजित सीबीएसई क्लस्टर-3 टेबल टेनिस टूर्नामेंट में दिल्ली पब्लिक स्कूल (डीपीएस), बोकारो के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विद्यालय का गौरव बढ़ाया। उत्कृष्ट खेल कौशल के दम पर विद्यालय के दो खिलाड़ियों ने व्यक्तिगत स्पर्धा में राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए क्वालीफाई किया, जबकि तीन टीमों ने भी नेशनल स्तर पर अपनी जगह सुनिश्चित की।

विद्यालय के आइवी दास और पीयूष कुमार ने व्यक्तिगत स्पर्धाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए आगामी अक्टूबर 2026 में गुजरात में आयोजित होने वाली सीबीएसई राष्ट्रीय टेबल टेनिस प्रतियोगिता के लिए क्वालीफाई किया। इसके अलावा विद्यालय की अंडर-14 गर्ल्स, अंडर-19 गर्ल्स और अंडर-19 बॉयज टीमों ने भी राष्ट्रीय प्रतियोगिता में प्रवेश हासिल किया।

मंगलवार को विद्यालय की प्रार्थना सभा में प्राचार्य डॉ. ए. एस. गंगवार ने सभी विजेता एवं प्रतिभागी छात्र-छात्राओं को पदक और प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

Follow this link to JOIN our WhatsApp Community

प्रतियोगिता में अंडर-19 बॉयज टीम के निशांत, पीयूष कुमार, बिशायन पॉल और हरमीत सिंह ने शानदार प्रदर्शन करते हुए रजत पदक के साथ प्रथम उपविजेता बनने का गौरव हासिल किया। व्यक्तिगत स्पर्धा में भी पीयूष कुमार ने रजत पदक जीतकर विद्यालय का नाम रोशन किया।

वहीं अंडर-19 गर्ल्स टीम की आइवी दास, देवांशी सिन्हा और श्रेयसी ने भी रजत पदक के साथ प्रथम उपविजेता का स्थान प्राप्त किया। व्यक्तिगत स्पर्धा में आइवी दास ने कांस्य पदक अपने नाम किया।

अंडर-14 गर्ल्स टीम की ईशान्वी शिवा, स्वधा प्रियवि और आद्या लिशा ने भी शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए रजत पदक हासिल किया और प्रथम उपविजेता बनीं।

इसके अतिरिक्त अंडर-14 बॉयज टीम के प्रांजल कुमार, अध्यांश कश्यप, प्रशांत भूषण और शिवांश राज तथा अंडर-17 बॉयज टीम के अंकित कुमार पटेल, आकर्ष कुमार, पार्थ आयुष्मान और रयान शान ने अपने-अपने वर्गों में कांस्य पदक जीतकर द्वितीय उपविजेता का स्थान प्राप्त किया।

रांची में आयोजित इस प्रतियोगिता में 76 विद्यालयों के 350 से अधिक खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया, जिससे प्रतिस्पर्धा का स्तर काफी ऊंचा रहा।

इस अवसर पर प्राचार्य डॉ. ए. एस. गंगवार ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि खेल केवल शारीरिक क्षमता ही नहीं बढ़ाते, बल्कि अनुशासन, एकाग्रता, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना भी विकसित करते हैं। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों ने कड़ी मेहनत और समर्पण से यह उपलब्धि हासिल की है तथा उन्हें विश्वास है कि अक्टूबर में गुजरात में आयोजित राष्ट्रीय प्रतियोगिता में भी डीपीएस बोकारो के खिलाड़ी विद्यालय और राज्य का नाम गौरवान्वित करेंगे।