– Santosh K Srivastav : Editor in Chief & Publisher
रांची, 01 अगस्त। सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड (सीसीएल) द्वारा शनिवार, 01 अगस्त 2026 को गांधीनगर क्रीड़ांगन में संविदा कर्मियों के लिए फुटबॉल मैच का सफल आयोजन किया गया। प्रतियोगिता का उद्देश्य कर्मियों के बीच खेल भावना, आपसी सहयोग तथा शारीरिक सक्रियता को बढ़ावा देना था।
मैच का औपचारिक उद्घाटन प्रबंधक (खेल) आदिल हुसैन, विलफ्रेड माणिक लकड़ा, आशीष सिरिल कच्छप तथा मारियो तनुज एक्का ने संयुक्त रूप से किया।
प्रतियोगिता में सीसीएल के अस्पताल संविदा कर्मियों और कॉलोनी संविदा कर्मियों की टीमों के बीच रोमांचक मुकाबला खेला गया। पूरे मैच के दौरान दोनों टीमों ने उत्कृष्ट खेल कौशल, अनुशासन और टीम भावना का परिचय दिया। निर्धारित समय तक दोनों टीमें कोई गोल नहीं कर सकीं, जिसके चलते मुकाबला 0-0 की बराबरी पर समाप्त हुआ।
Follow this link to JOIN our WhatsApp Community
इसके बाद विजेता का फैसला पेनाल्टी शूटआउट से किया गया। पेनाल्टी में अस्पताल संविदा कर्मियों की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 4-1 के अंतर से जीत दर्ज कर खिताब अपने नाम किया।
समापन समारोह में महाप्रबंधक (कल्याण) संजय कुमार ठाकुर ने विजेता एवं उपविजेता टीमों को सम्मानित किया। इस अवसर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए ‘मैन ऑफ द मैच’ विकास मिर्धा को भी पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया।
सीसीएल प्रबंधन ने कहा कि इस प्रकार की खेल गतिविधियां कर्मियों के बीच शारीरिक फिटनेस, आपसी समन्वय, टीमवर्क और सकारात्मक कार्य संस्कृति को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। भविष्य में भी कर्मचारियों के लिए ऐसे खेल एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाते रहेंगे।

