– Santosh K Srivastav : Editor in Chief & Publisher
रांची, 01 अगस्त। सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड (सीसीएल) मुख्यालय, दरभंगा हाउस स्थित मानव संसाधन विभाग द्वारा विभिन्न क्षेत्रों से आए सामान्य सहायक कर्मचारियों के लिए आयोजित एक सप्ताह का कंप्यूटर प्रशिक्षण कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हो गया। प्रशिक्षण का उद्देश्य कर्मचारियों की डिजिटल दक्षता को सुदृढ़ करना तथा उन्हें आधुनिक कार्यालयीन कार्यप्रणाली में उपयोग होने वाले कंप्यूटर अनुप्रयोगों एवं डिजिटल प्रणालियों से परिचित कराना था।
एक सप्ताह तक चले इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में कुल 26 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को एमएस वर्ड, एमएस एक्सेल, ऑफिस एप्लिकेशन्स, ई-ऑफिस, हिंदी एवं अंग्रेजी टाइपिंग के साथ-साथ कंपनी में उपयोग किए जाने वाले विभिन्न डिजिटल एप्लिकेशन्स एवं ऑनलाइन प्रणालियों का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया। इस पहल से कर्मचारियों को अपने दैनिक कार्यालयीन कार्यों को अधिक दक्षता, गति और प्रभावशीलता के साथ संपादित करने के लिए आवश्यक तकनीकी कौशल विकसित करने का अवसर मिला।

प्रशिक्षण कार्यक्रम के समापन सह प्रमाण-पत्र वितरण समारोह में सीसी एंड पीआर विभाग के महाप्रबंधक आलोक कुमार गुप्ता तथा मानव संसाधन विभाग के महाप्रबंधक एम. एफ. हक मुख्य रूप से उपस्थित रहे। इस अवसर पर कंपनी के कई अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने भी अपनी उपस्थिति दर्ज कराई।
समारोह को संबोधित करते हुए आलोक कुमार गुप्ता ने कहा कि आज के डिजिटल युग में कंप्यूटर ज्ञान और तकनीकी दक्षता प्रत्येक कर्मचारी के लिए अनिवार्य हो गई है। उन्होंने कहा कि ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रम कर्मचारियों के कौशल को निखारने के साथ-साथ संगठन की कार्यक्षमता और सेवा गुणवत्ता को भी नई गति प्रदान करते हैं। उन्होंने निरंतर सीखने की संस्कृति को भविष्य की चुनौतियों से निपटने के लिए आवश्यक बताया।
Follow this link to JOIN our WhatsApp Community
वहीं एम. एफ. हक ने अपने संबोधन में कहा कि सीसीएल अपने कर्मचारियों के सतत कौशल विकास के लिए प्रतिबद्ध है। बदलते कार्य परिवेश और बढ़ती डिजिटल आवश्यकताओं के अनुरूप इस प्रकार के प्रशिक्षण कर्मचारियों को नई तकनीकों से परिचित कर उन्हें अधिक सक्षम बनाते हैं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि प्रतिभागी प्रशिक्षण से प्राप्त ज्ञान का उपयोग अपने दैनिक कार्यों में कर संगठन की कार्यकुशलता को और अधिक मजबूत बनाएंगे।
कार्यक्रम के समापन पर सभी प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए। सीसीएल प्रबंधन ने भविष्य में भी कर्मचारियों के कौशल विकास एवं डिजिटल सशक्तीकरण के लिए इस प्रकार के प्रशिक्षण कार्यक्रमों का नियमित आयोजन जारी रखने की प्रतिबद्धता दोहराई।

