– Santosh Kr. Srivastav : Editor in Chief & Publisher
जल प्रबंधन, ऑक्सीजन प्लांट और एसीवीएस विभाग के कर्मचारियों ने सुरक्षा, सुविधाओं और कार्य व्यवस्था से जुड़े मुद्दे रखे
बोकारो, 8 अगस्त 2026। बीएसएल अनाधिशासी कर्मचारी संघ (बीएकेएस) की विभागीय बैठक शनिवार को मशीन शॉप कैंटीन में आयोजित हुई। बैठक में यूटिलिटी विभाग के अंतर्गत जल प्रबंधन, ऑक्सीजन प्लांट तथा एसीवीएस विभाग के कर्मचारियों ने भाग लिया। बैठक की अध्यक्षता यूटिलिटीज के विभागीय प्रतिनिधि विप्लव नंदी ने की।
बैठक में कर्मचारियों ने कार्यस्थल पर सुरक्षा, मूलभूत सुविधाओं, कार्य व्यवस्था तथा अन्य महत्वपूर्ण समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। कर्मचारियों की ओर से विभागवार समस्याओं को सूचीबद्ध करते हुए उनके शीघ्र समाधान की मांग की गई।
जल प्रबंधन विभाग की समस्याएं
जल प्रबंधन विभाग के कर्मचारियों ने नियमित पाली प्रभारी उपलब्ध नहीं होने की समस्या उठाई। इसके अलावा पाली प्रभारी से संबंधित पत्र एवं मामलों को उचित स्तर तक आगे भेजने में आ रही कठिनाइयों पर भी चर्चा हुई।
कर्मचारियों ने विभागों में हाजिरी सुधार के लिए केवल तीन बार अवसर दिए जाने का मुद्दा उठाते हुए कहा कि बीएसएल सर्कुलर के अनुसार छह बार की सुविधा निर्धारित है। इसके साथ ही हिंदी में मंजूरी की सुविधा उपलब्ध कराने की मांग भी रखी गई।
पीएच-2 में शौचालय, पेयजल एवं वाटर प्यूरीफायर की सुविधा उपलब्ध कराने की मांग की गई। एलसीपीएच में पेयजल, वेंटिलेशन एवं एसी की समस्या का समाधान करने तथा पीएच-2 में पर्याप्त वाहन पार्किंग की व्यवस्था करने की मांग भी सामने आई।
पीएच-2, पीएच-5 एवं पीएच-10 के कार्यालयों और कार्यस्थलों में छत से पानी रिसने की समस्या को भी कर्मचारियों ने प्रमुखता से रखा।
एसीवीएस विभाग की समस्याएं
एसीवीएस विभाग के कर्मचारियों ने सुरक्षा से जुड़े दस्ताने एवं ग्रीस किला नियमित रूप से उपलब्ध नहीं होने की समस्या बताई। सीसीपी-3 में पेयजल एवं वाटर प्यूरीफायर की सुविधा उपलब्ध कराने की मांग की गई।
सीसीपी-4 के शौचालय का दरवाजा खराब होने तथा प्रवेश द्वार पर पार्किंग बोर्ड उपलब्ध नहीं होने की समस्या भी बैठक में उठाई गई। वहीं, सीसीपी-1 गेट के पास भारी वाहनों की आवाजाही के कारण दुर्घटना की आशंका को देखते हुए आवश्यक सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की गई।
समस्याओं के समाधान का आश्वासन
बीएकेएस प्रतिनिधियों ने कर्मचारियों द्वारा उठाई गई सभी समस्याओं को संज्ञान में लेते हुए उन्हें यूनियन के पत्र में दर्ज किया। प्रतिनिधियों ने कहा कि इन समस्याओं के समाधान के लिए जल्द ही सीजीएम, यूटिलिटी के साथ बैठक की जाएगी और मामलों के निपटारे के लिए पहल की जाएगी।
बैठक में बीएकेएस यूनियन के महासचिव हरिओम, अध्यक्ष दिलीप, उपमहासचिव माणिक मुंडा, कोषाध्यक्ष राहुल सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
बीएकेएस यूनियन प्रतिनिधियों ने स्पष्ट किया कि कर्मचारियों की सुरक्षा, सम्मान और मूलभूत सुविधाओं से कोई समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने सभी समस्याओं के शीघ्र एवं स्थायी समाधान की आवश्यकता पर जोर दिया।
विप्लव नंदी, विभागीय प्रतिनिधि, यूटिलिटीज, BAKS बोकारो ने कहा की…
“यूटिलिटी विभाग के अधीन तीनों विभागों में कई स्थानीय समस्याएं हैं, जिनका निवारण आवश्यक है। हमारी यूनियन शीघ्र ही सीजीएम यूटिलिटी के साथ बैठक कर स्थानीय समस्याओं को दूर करवाने के लिए पहल करेगी।”

