भारत-वेस्टइंडीज टी20 मैच: जेएससीए स्टेडियम में सुरक्षा तैयारियों का एडीजी ने लिया जायजा

Live ख़बर

 -लाइव ख़बर नेशन || राजेश मोहन सहाय

9 अक्टूबर को रांची में होगा दूसरा टी20 मुकाबला, एडीजी मनोज कौशिक ने अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश

रांची, 05 अक्टूबर: राजधानी स्थित जेएससीए अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में 9 अक्टूबर को भारत और वेस्टइंडीज के बीच खेले जाने वाले दूसरे टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच को लेकर सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद की जा रही है। मैच के सफल और सुरक्षित आयोजन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से सोमवार को अपर पुलिस महानिदेशक सह पुलिस महानिरीक्षक (दक्षिणी छोटानागपुर प्रक्षेत्र) मनोज कौशिक ने पूरे स्टेडियम परिसर का विस्तृत निरीक्षण किया और सुरक्षा तैयारियों की समीक्षा की।

इस उच्चस्तरीय निरीक्षण के दौरान वरीय पुलिस अधीक्षक राकेश रंजन, नगर पुलिस अधीक्षक पारस राणा, ग्रामीण पुलिस अधीक्षक गौरव गोस्वामी, यातायात पुलिस अधीक्षक राकेश सिंह तथा जेएससीए के अध्यक्ष, सचिव और अन्य महत्वपूर्ण सदस्य व पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे। अधिकारियों के दल ने स्टेडियम के भीतर व बाहर की सुरक्षा, दर्शकों के प्रवेश एवं निकास द्वारों, पार्किंग स्थलों, यातायात प्रबंधन, खिलाड़ियों व दोनों टीमों की सुरक्षा घेरे, संवेदनशील स्थानों की निगरानी और आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के लिए किए गए इंतजामों का बारीकी से मुआयना किया।

एडीजी मनोज कौशिक ने मौके पर मौजूद पुलिस पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि मैच के दौरान त्रिस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। शहर और स्टेडियम के आसपास पर्याप्त संख्या में पुलिस बल व दंडाधिकारियों की तैनाती करने के साथ-साथ सुगम यातायात संचालन के पुख्ता बंदोबस्त करने को कहा गया, ताकि मैच देखने आने वाले दर्शकों और आम नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। इसके अलावा किसी भी अप्रत्याशित या आकस्मिक स्थिति से निपटने के लिए क्विक रिस्पॉन्स टीम (QRT) और आपातकालीन सेवाओं को पूरी तरह मुस्तैद रखने का निर्देश दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights