– एस०एन०चतुर्वेदी की रिपोर्ट
महाप्रबंधक समन्वय बैठक में उत्पादन, सुरक्षा और परियोजनाओं की समीक्षा, डिजिटल पेंशन सेवाओं की नई पहल
बिलासपुर, 05 अगस्त। एसईसीएल मुख्यालय, बिलासपुर में आयोजित महाप्रबंधक समन्वय बैठक के दौरान कंपनी के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक (सीएमडी) हरीश दुहन ने पीपीओ (पेंशन पेमेंट ऑर्डर) एवं जीवन प्रमाण पत्र पोर्टल का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उत्पादन, प्रेषण, सुरक्षा, पर्यावरण संरक्षण, मानव संसाधन प्रबंधन, पूंजीगत व्यय (CAPEX) तथा विभिन्न परियोजनाओं की प्रगति की व्यापक समीक्षा करते हुए समयबद्ध कार्यान्वयन और बेहतर समन्वय पर विशेष जोर दिया गया।
बैठक की अध्यक्षता सीएमडी हरीश दुहन ने की। इसमें तकनीकी एवं संचालन निदेशक एन. फ्रैंकलिन जयकुमार, मानव संसाधन निदेशक बिरंची दास, वित्त निदेशक डी. सुनील कुमार, मुख्य सतर्कता अधिकारी हिमांशु जैन, तकनीकी एवं योजना तथा परियोजना निदेशक रमेश चंद्र महापात्र, सभी क्षेत्रीय महाप्रबंधक तथा मुख्यालय के विभागाध्यक्ष उपस्थित रहे।
Follow this link to JOIN our WhatsApp Community
बैठक में कंपनी के उत्पादन, प्रेषण, उत्पादकता, सुरक्षा, पर्यावरण संरक्षण, मानव संसाधन प्रबंधन तथा विभिन्न परिचालन गतिविधियों की विस्तार से समीक्षा की गई। विभिन्न क्षेत्रों के प्रदर्शन, निर्धारित लक्ष्यों की प्रगति, परिचालन संबंधी चुनौतियों और आगामी कार्ययोजना पर भी विस्तृत चर्चा हुई।
वर्तमान मानसून को देखते हुए सभी परिचालन क्षेत्रों में सुरक्षित एवं निर्बाध खनन गतिविधियां सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक व्यवस्थाओं, सुरक्षा उपायों तथा मानसून तैयारियों की समीक्षा की गई। साथ ही पर्यावरण स्वीकृति (EC), वन स्वीकृति (FC), कोयला गुणवत्ता प्रबंधन तथा पूंजीगत व्यय (CAPEX) से जुड़े कार्यों की प्रगति का भी आकलन किया गया।
बैठक के दौरान सीएमडी हरीश दुहन ने पीपीओ एवं जीवन प्रमाण पत्र पोर्टल का शुभारंभ किया। यह पोर्टल सेवानिवृत्त कर्मचारियों एवं उनके आश्रितों को पेंशन पेमेंट ऑर्डर तथा जीवन प्रमाण पत्र से जुड़ी सेवाएं डिजिटल, सरल और पारदर्शी तरीके से उपलब्ध कराएगा। इसके माध्यम से पीपीओ दस्तावेजों का ऑनलाइन वितरण, जीवन प्रमाण पत्र अपलोड करने की सुविधा तथा केंद्रीकृत निगरानी प्रणाली उपलब्ध होगी, जिससे पेंशन संबंधी सेवाओं का त्वरित और प्रभावी निष्पादन सुनिश्चित होगा।
अपने संबोधन में हरीश दुहन ने कहा कि सुरक्षित कार्य संस्कृति, बेहतर समन्वय और समयबद्ध कार्यान्वयन ही एसईसीएल की निरंतर प्रगति का आधार हैं। उन्होंने सभी अधिकारियों से सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए उत्पादन एवं प्रेषण लक्ष्यों की प्राप्ति तथा मानसून अवधि में निर्बाध परिचालन सुनिश्चित करने के लिए समन्वित प्रयास करने का आह्वान किया।
बैठक में सभी क्षेत्रों की प्रगति और प्रमुख परिचालन गतिविधियों की समीक्षा करते हुए उत्पादन, सुरक्षा, गुणवत्ता प्रबंधन, सीएपीईएक्स तथा परियोजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर विशेष बल दिया गया। साथ ही निर्धारित लक्ष्यों की समयबद्ध प्राप्ति सुनिश्चित करने के लिए बेहतर समन्वय और जवाबदेही पर भी जोर दिया गया।

