– Santosh Kr. Srivastav : Editor in Chief & Publisher
सहोदया माइलस्टोन अवॉर्ड 2026 में 25 सीबीएसई स्कूलों के कक्षा 10वीं और 12वीं के उत्कृष्ट विद्यार्थियों का सम्मान
बोकारो, 07 अगस्त। डॉ. राधाकृष्णन सहोदया स्कूल कॉम्प्लेक्स, बोकारो की ओर से आयोजित माइलस्टोन अवॉर्ड 2026 में जिले के लगभग 25 सीबीएसई संबद्ध विद्यालयों के कक्षा 10वीं एवं 12वीं बोर्ड परीक्षा-2026 में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 80 से अधिक मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन डी. वाई. पाटिल इंटरनेशनल स्कूल, बोकारो की मेजबानी में किया गया।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि चास की उप महापौर पूजा कुमारी ने विद्यार्थियों को सफलता के लिए सपने देखने और उन्हें पूरा करने के लिए निरंतर मेहनत करने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि अच्छे अंक प्राप्त करना महत्वपूर्ण है, लेकिन उससे भी अधिक जरूरी अच्छा इंसान बनना है। अनुशासन, ईमानदारी और समाज के प्रति जिम्मेदारी ही विद्यार्थियों को अलग पहचान दिलाती है। उन्होंने विद्यार्थियों को विकसित भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाला बताया।
उन्होंने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल रोजगार प्राप्त करना नहीं, बल्कि अच्छे चरित्र का निर्माण भी है। विद्यार्थियों को अपनी शिक्षा और प्रतिभा का उपयोग समाज एवं देश के विकास में करना चाहिए।
समारोह की शुरुआत विद्यालय की अध्यक्षा पूनम सिंह और अध्यक्ष पंकज कुमार सिंह द्वारा मुख्य अतिथि पूजा कुमारी तथा सहोदया बोकारो के अध्यक्ष एवं डीपीएस बोकारो के प्राचार्य डॉ. ए. एस. गंगवार का पुष्पगुच्छ से स्वागत करने के बाद दीप प्रज्ज्वलन से हुई।
‘90 प्रतिशत अंक मंजिल नहीं, शुरुआत है’
सहोदया बोकारो के अध्यक्ष डॉ. ए. एस. गंगवार ने विद्यार्थियों की सफलता के लिए शिक्षकों और अभिभावकों की भूमिका की सराहना की। उन्होंने कहा कि एकता ही प्रगति का आधार है और विद्यार्थियों को आगे बढ़ने के लिए निरंतर प्रयास करते रहना चाहिए। उन्होंने कहा कि 90 प्रतिशत अंक प्राप्त करना मंजिल नहीं, बल्कि आगे की यात्रा की शुरुआत है।
मेजबान विद्यालय के प्रभारी प्राचार्य मनोज कुमार ने सहोदया स्कूल कॉम्प्लेक्स की ओर से आयोजित प्रतिभा सम्मान समारोह की सराहना की। स्कूल संयोजक सी. के. सिंह ने धन्यवाद ज्ञापन किया। राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।
समारोह में बोकारो जिले के विभिन्न सीबीएसई विद्यालयों के प्राचार्य एवं प्रतिनिधि उपस्थित रहे। इनमें अयप्पा पब्लिक स्कूल की प्राचार्या पी. शैलजा जया कुमार, ए. आर. एस. पब्लिक स्कूल के प्राचार्य विश्वजीत पाल, आदर्श विद्या मंदिर के प्राचार्य रंजीत कुमार, क्रिसेंट पब्लिक स्कूल के प्राचार्य विजय कुमार ठाकुर, डॉ. राजेन्द्र प्रसाद पब्लिक स्कूल के प्राचार्य डॉ. मुकेश कुमार, गौरव आवासीय उच्च विद्यालय की प्राचार्या श्वेता कुमारी, गुरु गोविंद सिंह पब्लिक स्कूल बोकारो के प्राचार्य अभिषेक कुमार, गुरु गोविंद सिंह पब्लिक स्कूल चास की प्राचार्या सुमन नांगिया, हॉली क्रॉस बोकारो की प्राचार्या डॉ. कीर्ति किरण, हॉली क्रॉस चंदनकियारी की प्राचार्या सिस्टर कमला पॉल, लीला जानकी पब्लिक स्कूल के प्राचार्य आजाद कुमार, मिथिला अकादमी पब्लिक स्कूल के प्राचार्य अमर प्रसाद, पिट्स मॉडर्न स्कूल के प्राचार्य बृजमोहन लाल दास, रुक्मिणी देवी पब्लिक स्कूल की प्राचार्या गीता भारती, सेमफॉर्ड इंटरनेशनल एकेडमी की प्राचार्या अंजना प्रसाद, सरस्वती विद्या मंदिर के प्राचार्य संजीव कुमार, द पेंटिकॉस्टल स्कूल की प्राचार्या डॉ. करुणा प्रसाद एवं त्रिमूर्ति पब्लिक स्कूल की प्राचार्या प्रीति कुमारी शामिल रहीं।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में मेजबान विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं और कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

