बोकारो पुलिस को मिले 39 नए बोलेरो

Live ख़बर

– Santosh Kr. Srivastav : Editor in Chief & Publisher

आईजी, डीसी और एसपी ने हरी झंडी दिखाकर किया रवाना, अपराध नियंत्रण और गश्ती व्यवस्था को मिलेगा नया बल

बोकारो, 07 अगस्त। जिले में अपराध नियंत्रण, कानून-व्यवस्था के संधारण और आपातकालीन प्रतिक्रिया व्यवस्था को मजबूत करने के उद्देश्य से शुक्रवार को बोकारो पुलिस को राज्य सरकार की ओर से आवंटित 39 नए बोलेरो पुलिस वाहन उपलब्ध कराए गए। उत्तरी छोटानागपुर प्रक्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक शैलेन्द्र कुमार सिन्हा, उपायुक्त अजय नाथ झा और पुलिस अधीक्षक नाथू सिंह मीणा ने संयुक्त रूप से सेक्टर-12 स्थित पुलिस लाइन परिसर से वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

नए वाहनों के पुलिस बेड़े में शामिल होने से जिले के दूर-दराज और संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस गश्ती व्यवस्था को मजबूती मिलने की उम्मीद है। इससे पुलिस बल की त्वरित गतिशीलता बढ़ेगी और आपात स्थितियों में घटनास्थल तक पहुंचने में भी सहूलियत होगी।

समारोह को संबोधित करते हुए आईजी शैलेन्द्र कुमार सिन्हा ने बताया कि राज्य सरकार ने इस चरण में बोकारो जिले के लिए 39 नए उच्च क्षमता वाले पुलिस वाहन उपलब्ध कराए हैं। उन्होंने बताया कि इससे पहले मार्च में भी जिले को 39 नए वाहन मिले थे, जिनका उपयोग पुलिसिंग व्यवस्था में किया जा रहा है।

आईजी ने कहा कि नए वाहनों के जुड़ने से जिले के सभी थाना क्षेत्रों में पुलिस की गतिशीलता और कार्यक्षमता में सुधार होगा। नियमित रात्रि गश्ती, कानून-व्यवस्था बनाए रखने तथा आपात परिस्थितियों में त्वरित कार्रवाई के लिए इन वाहनों का प्रभावी उपयोग किया जाएगा।

‘सेवा ही लक्ष्य’ के मंत्र पर बेहतर पुलिसिंग का प्रयास

आईजी शैलेन्द्र कुमार सिन्हा ने कहा कि ‘सेवा ही लक्ष्य’ झारखंड पुलिस का मूल मंत्र है। इसी भावना के अनुरूप आम नागरिकों को बेहतर, पारदर्शी, त्वरित और संवेदनशील पुलिसिंग उपलब्ध कराना विभाग की प्राथमिकता है।

उन्होंने विश्वास जताया कि आधुनिक संसाधनों से लैस होने के बाद बोकारो पुलिस की कार्यक्षमता और बेहतर होगी। इससे अपराध नियंत्रण में मदद मिलने के साथ आम नागरिकों में सुरक्षा की भावना मजबूत होगी।

कार्यक्रम के दौरान आईजी, उपायुक्त और पुलिस अधीक्षक ने नए वाहनों का निरीक्षण किया तथा उनमें उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली। अधिकारियों ने पुलिस पदाधिकारियों और जवानों को निर्देश दिया कि वाहनों का अधिकतम एवं प्रभावी उपयोग सुनिश्चित करते हुए जिले में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया जाए।

इस अवसर पर पुलिस विभाग के वरीय पदाधिकारी, प्रशासनिक अधिकारी और बड़ी संख्या में पुलिस बल के जवान उपस्थित रहे।