दानापुर में सजा ‘हमार हुनर’ का मंच

Live ख़बर

– रंजीत प्रसाद सिन्हा की रिपोर्ट

महिला उद्यमियों के हस्तनिर्मित उत्पादों और रचनात्मकता को मिल रहा मंच, दो दिवसीय प्रदर्शनी में लोगों की बढ़ी रुचि

दानापुर, 8 अगस्त 2026। महिला उद्यमियों की कला, रचनात्मकता और हुनर को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से दानापुर में ‘हमार हुनर’ प्रदर्शनी का आयोजन किया जा रहा है। दिप्ती श्रीवास्तव सेंटर फॉर रूरल डेवलपमेंट की ओर से पिछले तीन वर्षों से महिला उद्यमियों द्वारा तैयार उत्कृष्ट एवं हस्तनिर्मित उत्पादों की प्रदर्शनी और बिक्री के लिए यह पहल संचालित की जा रही है।

इसी कड़ी में ‘हमार हुनर’ से जुड़ी महिला उद्यमियों द्वारा दो दिवसीय प्रदर्शनी का आयोजन दानापुर के सगुना मोड़ स्थित जजेज कॉलोनी के मंगलम रोड स्थित रेनबो क्लासेज में किया जा रहा है। प्रदर्शनी में महिला उद्यमियों द्वारा तैयार विभिन्न प्रकार के हस्तनिर्मित और रचनात्मक उत्पादों को प्रदर्शित किया गया है, जिन्हें बिक्री के लिए भी उपलब्ध कराया गया है।

हुनर को पहचान और उद्यमिता को बढ़ावा

आयोजक दिप्ती श्रीवास्तव ने बताया कि प्रदर्शनी के माध्यम से स्थानीय महिला उद्यमियों के हस्तनिर्मित उत्पादों, रचनात्मकता और हुनर को प्रोत्साहित करने का प्रयास किया जा रहा है। ‘हमार हुनर’ महिलाओं को ऐसा मंच उपलब्ध कराने की दिशा में काम कर रहा है, जहां वे अपनी कला और प्रतिभा को व्यापक स्तर पर प्रस्तुत कर सकें।

उन्होंने कहा कि इस पहल का एक प्रमुख उद्देश्य महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रोत्साहित करना है। साथ ही अन्य महिलाओं को भी उद्यमिता के क्षेत्र में आगे बढ़ने और अपनी प्रतिभा को व्यवसाय के रूप में विकसित करने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।

उत्पादों के लिए बाजार और पहचान का अवसर

आयोजकों के अनुसार, इस तरह के आयोजनों से स्थानीय महिला उद्यमियों को अपने उत्पादों के लिए संभावित ग्राहक और बाजार उपलब्ध कराने में मदद मिलती है। इसके साथ ही उन्हें अपने हुनर और उत्पादों की पहचान बनाने का अवसर भी मिलता है।

प्रदर्शनी में लोगों की रुचि देखने को मिल रही है। महिला उद्यमियों के हस्तनिर्मित उत्पादों और रचनात्मक वस्तुओं को देखने के साथ लोग उनकी खरीदारी में भी दिलचस्पी ले रहे हैं। आयोजकों को उम्मीद है कि ‘हमार हुनर’ जैसे मंच स्थानीय महिला उद्यमिता को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

Verified by MonsterInsights