– रंजीत प्रसाद सिन्हा की रिपोर्ट
रोटरी पटना शक्ति ने स्वतंत्रता दिवस की भावना को पर्यावरण संरक्षण से जोड़ा, पौधारोपण और पॉट डेकोरेशन प्रतियोगिता का आयोजन
पटना, 8 अगस्त 2026। स्वतंत्रता दिवस की भावना को देशभक्ति और पर्यावरण संरक्षण से जोड़ते हुए रोटरी पटना शक्ति की ओर से शनिवार को “हरा-भरा भारत-तिरंगे के संग, प्रकृति के रंग” कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम रोटरी पटना शक्ति कंप्यूटर सेंटर, गेट नंबर 73, कुरजी पुल, पटना में हुआ। आयोजन के माध्यम से राष्ट्रप्रेम के साथ पर्यावरण संरक्षण का संदेश जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत देशभक्ति गीतों और तिरंगा वितरण से हुई। इसके बाद “एक पेड़ देश के नाम, एक बेहतर भारत के काम” अभियान के तहत पौधारोपण किया गया। कार्यक्रम में शामिल लोगों ने अधिक से अधिक पौधे लगाने और पर्यावरण की सुरक्षा के लिए अपनी भूमिका निभाने का संकल्प लिया।
पॉट डेकोरेशन प्रतियोगिता रही आकर्षण का केंद्र
कार्यक्रम का विशेष आकर्षण पॉट डेकोरेशन प्रतियोगिता रही। प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने अपनी रचनात्मकता और कलात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए विभिन्न तरीकों से गमलों को सजाया।
प्रतियोगिता का मूल्यांकन वंदना सिन्हा, चंद्रावती एवं डॉ. अनीता अम्बस्ता ने किया। प्रतियोगिता के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण के संदेश को रचनात्मक गतिविधि से जोड़ने का प्रयास किया गया।
इस अवसर पर अनिल शराफ एवं जनार्दन विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। रोटरी पटना शक्ति कंप्यूटर सेंटर के सेंटर इंचार्ज अनिल सिन्हा एवं स्वाति कुमारी ने कार्यक्रम को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
पर्यावरण संरक्षण को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने की अपील
रोटरी पटना शक्ति की अध्यक्ष रोटेरियन सुनीता शराफ ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल देशभक्ति की भावना व्यक्त करने का अवसर नहीं है, बल्कि देश और प्रकृति के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को निभाने का संकल्प लेने का भी दिन है।
उन्होंने कहा कि यदि प्रत्येक व्यक्ति अपने जीवन में कुछ पौधे लगाने और उनकी नियमित देखभाल करने का संकल्प ले, तो आने वाली पीढ़ियों के लिए बेहतर और स्वच्छ पर्यावरण तैयार किया जा सकता है। उन्होंने लोगों से पर्यावरण संरक्षण को केवल अभियान तक सीमित नहीं रखने, बल्कि इसे दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने की अपील की।
कार्यक्रम के माध्यम से रोटरी पटना शक्ति ने देशप्रेम, पर्यावरण संरक्षण, रचनात्मकता और सामाजिक सहभागिता का संदेश दिया। आयोजन में तिरंगे की आन-बान-शान के साथ हरियाली को बढ़ावा देने का संकल्प भी दिखाई दिया।

