– Santosh Kr. Srivastav : Editor in Chief & Publisher
राहुल कुमार हेड बॉय और श्रद्धा सिंह हेड गर्ल चुनी गईं, अलंकरण समारोह में छात्रों को टीम भावना और अनुशासन का संदेश
बोकारो, 8 अगस्त 2026। मिथिला अकादमी पब्लिक स्कूल में शनिवार को नवगठित छात्र परिषद के लिए वार्षिक अलंकरण समारोह (इन्वेस्टिचर सेरेमनी) का आयोजन गरिमामय माहौल में किया गया। समारोह में नवनिर्वाचित छात्र प्रतिनिधियों को पद एवं जिम्मेदारियां सौंपी गईं और उन्हें निष्ठा, समर्पण तथा अनुशासन के साथ दायित्व निभाने की शपथ दिलाई गई।
कार्यक्रम की शुरुआत स्कूल एंथम से हुई। इसके बाद मुख्य अतिथि बीपीएससीएल के पूर्व सीईओ एवं मिथिला सांस्कृतिक परिषद के पूर्व अध्यक्ष कुमुद कुमार ठाकुर तथा विद्यालय के पदाधिकारियों ने दीप प्रज्वलित कर समारोह का उद्घाटन किया। विद्यालय प्रबंधन की ओर से मुख्य अतिथि को पौधा एवं स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।
चारों सदनों के प्रतिनिधियों को मिला दायित्व
समारोह में मुख्य अतिथि कुमुद कुमार ठाकुर ने विद्यालय के चारों सदनों—बिरसा, भारती, वाचस्पति और विद्यापति—के कप्तानों, उप-कप्तानों तथा कार्यकारिणी समिति के सदस्यों को बैज और सैश पहनाकर अलंकृत किया।
इसके बाद उप-प्राचार्य ने नवनिर्वाचित छात्र प्रतिनिधियों को निष्ठा और समर्पण के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने की शपथ दिलाई।
डिजिटल दौर में जिम्मेदारी और अनुशासन जरूरी
मुख्य अतिथि कुमुद कुमार ठाकुर ने अपने संबोधन में जेन ज़ी और जेन अल्फा पीढ़ी के तकनीकी बदलावों का उल्लेख करते हुए विद्यार्थियों को डिजिटल दौर में जिम्मेदारी, टीम भावना और अनुशासन के साथ आगे बढ़ने की सीख दी।
उन्होंने विद्यार्थियों से अपने आचरण और कार्यों के माध्यम से दूसरों के लिए प्रेरणा बनने तथा विद्यालय की जिम्मेदारियों को पूरी निष्ठा से निभाने का आह्वान किया।
विद्यालय अध्यक्ष राजेंद्र कुमार और प्राचार्य अमर प्रसाद ने कहा कि अलंकरण समारोह विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, दायित्व बोध और आत्मविश्वास विकसित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने नवनिर्वाचित छात्र परिषद के सदस्यों को उनके नए दायित्वों के लिए शुभकामनाएं दीं।
राहुल हेड बॉय और श्रद्धा हेड गर्ल
नवनिर्वाचित छात्र परिषद में राहुल कुमार को हेड बॉय और श्रद्धा सिंह को हेड गर्ल चुना गया। वहीं कृष्ण चंद्रवंशी वाइस हेड बॉय और काजल तिवारी वाइस हेड गर्ल बनीं।
खेल कप्तान की जिम्मेदारी अभिजीत कुमार को दी गई, जबकि यास्मीन परवीन को सांस्कृतिक सचिव बनाया गया। अनुशासन प्रमुख के रूप में सोनू यादव और रचना भारती को जिम्मेदारी सौंपी गई।
हाउस कैप्टन के रूप में भारती हाउस से आकृति सिंह, बिरसा हाउस से अजमेरी फातिमा, विद्यापति हाउस से सुचित्रा कुमारी और वाचस्पति हाउस से ईशा रॉय ने कमान संभाली।
समारोह में मिथिला सांस्कृतिक परिषद के महासचिव नीरज चौधरी, उपाध्यक्ष बटोही कुमार एवं विजय कुमार झा, सचिव दिलीप कुमार झा सहित कई गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान छात्र परिषद के सदस्यों में नई जिम्मेदारी को लेकर उत्साह दिखाई दिया।

