सरदार पटेल की राष्ट्रभक्ति सदैव प्रेरणास्रोत : मुख्यमंत्री

Live ख़बर

Santosh Kr. Srivastav : Editor in Chief & Publisher

जमुई में सरदार वल्लभ भाई पटेल की आदमकद प्रतिमा का अनावरण, 100 से अधिक नए बस स्टैंड बनाने की घोषणा

पटना/जमुई, 16 अगस्त। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने रविवार को जमुई जिले के झाझा प्रखंड स्थित न्यू बोड़वा बस स्टैंड के समीप लौह पुरुष सरदार वल्लभ भाई पटेल की आदमकद प्रतिमा का अनावरण किया। इस अवसर पर उन्होंने सरदार पटेल को श्रद्धापूर्वक नमन करते हुए कहा कि उनकी दृढ़ इच्छाशक्ति, राष्ट्रभक्ति तथा देश की एकता और अखंडता के प्रति समर्पण देशवासियों के लिए सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा।

राष्ट्र निर्माण में सरदार पटेल का योगदान अतुलनीय

मुख्यमंत्री ने कहा कि झाझा की पावन धरती से उनका विशेष लगाव रहा है और यहां के लोगों का हमेशा स्नेह एवं प्यार मिलता रहा है। उन्होंने कहा कि देश के एकीकरण में सरदार वल्लभ भाई पटेल का योगदान अतुलनीय है। उन्होंने अखंड भारत का सपना देखा था। उनके विचार और आदर्श आज भी राष्ट्र निर्माण की दिशा में मार्गदर्शन करते हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि विकसित भारत के निर्माण का लक्ष्य और समृद्ध बिहार का सपना पूरा करना राज्य सरकार की प्राथमिकता है। बिहार में औद्योगिक विकास को गति देने के लिए पूरे राज्य में उद्योगों की स्थापना का कार्य शुरू हो चुका है।

100 से अधिक नए बस स्टैंड बनेंगे

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में परिवहन व्यवस्था को और सुदृढ़ करने के लिए 100 से अधिक नए बस स्टैंड बनाए जाएंगे। इससे लोगों को बेहतर परिवहन सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ-साथ आवागमन की व्यवस्था को भी मजबूत करने में मदद मिलेगी।

उन्होंने कहा कि सरकार बिहार में बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में तेजी से कार्य कर रही है और विकास योजनाओं का लाभ आम लोगों तक पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है।

जिला अस्पतालों में 36 प्रकार के ऑपरेशन की सुविधा

मुख्यमंत्री ने स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार की जानकारी देते हुए कहा कि जिला अस्पतालों को लगातार सुदृढ़ किया जा रहा है। वर्तमान में जिला अस्पतालों में 36 प्रकार के ऑपरेशन की सुविधाएं उपलब्ध हैं।

उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि यदि कोई चिकित्सक बिना उचित कारण मरीज को दूसरे अस्पताल में रेफर करता है तो उसकी जवाबदेही तय की जाएगी और नियम के अनुसार कार्रवाई होगी। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य बिहार के लोगों को स्वस्थ, शिक्षित और समृद्ध बनाना है।

सरदार पटेल की विचारधारा को आगे बढ़ाने का आह्वान

मुख्यमंत्री ने कहा कि लौह पुरुष सरदार वल्लभ भाई पटेल की विचारधारा को आगे बढ़ाना हम सभी का कर्तव्य है। उनके एकता, अखंडता और राष्ट्र निर्माण के संदेश को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाने की आवश्यकता है।

कार्यक्रम को स्वास्थ्य मंत्री नितांत तथा परिवहन मंत्री दामोदर राउत ने भी संबोधित किया।

कई मंत्री और अधिकारी रहे मौजूद

कार्यक्रम में लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण मंत्री सह जमुई जिला के प्रभारी मंत्री संजय कुमार सिंह, उद्योग मंत्री सह खेल मंत्री श्रेयसी सिंह, विधायक रामानंद मंडल सहित अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री के सचिव संजय कुमार सिंह, मुंगेर प्रमंडल के आयुक्त प्रेम सिंह मीणा, मुंगेर प्रक्षेत्र के पुलिस उप महानिरीक्षक राकेश कुमार, जिलाधिकारी नवीन, पुलिस अधीक्षक विश्वजीत दयाल सहित अन्य वरीय अधिकारी और बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।