वंदे मातरम पर समूह गान व नृत्य प्रतियोगिता

Live ख़बर

Santosh Kr. Srivastav : Editor in Chief & Publisher

संस्कार भारती बोकारो ने कराया आयोजन, गुरु गोविंद पब्लिक स्कूल ने समूह गान और श्री अय्यप्पा पब्लिक स्कूल ने समूह नृत्य में हासिल किया प्रथम स्थान

बोकारो, 16 अगस्त। कला एवं साहित्य की अखिल भारतीय संस्था संस्कार भारती की बोकारो जिला इकाई की ओर से रविवार को सेक्टर-4 स्थित कैराली स्प्रिंगडल स्कूल में ‘वंदे मातरम’ गीत की रचना के 150 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में समूह गान एवं समूह नृत्य प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। वंदे मातरम गीत की थीम पर आयोजित प्रतियोगिता में विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति से ओतप्रोत गायन और मनमोहक नृत्य प्रस्तुत कर दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं।

दीप प्रज्ज्वलित कर हुआ उद्घाटन

कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि बोकारो के पूर्व विधायक एवं वरिष्ठ भाजपा नेता बिरंची नारायण, विशिष्ट अतिथि सीआरपीएफ के डिप्टी कमांडेंट अरविन्द कुमार, कैराली स्प्रिंगडल स्कूल के प्रेसिडेंट शशिइंद्रन करात, जनरल सेक्रेटरी कृष्ण कुमार, प्राचार्या रुमा कुमारी, संस्कार भारती बोकारो के जिलाध्यक्ष अमरजी सिन्हा और महामंत्री स्वरूप शेखर पांडेय ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया।

कार्यक्रम की शुरुआत संस्कार भारती के ध्येय गीत ‘साधयति संस्कार भारती भारते नवजीवनम्…’ के सामूहिक गायन से हुई। इसके बाद मेजबान कैराली स्प्रिंगडल स्कूल की छात्राओं ने आकर्षक नृत्य प्रस्तुति दी।

विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों ने लिया हिस्सा

वंदे मातरम समूह गान प्रतियोगिता में श्री अय्यप्पा पब्लिक स्कूल, गुरु गोविन्द पब्लिक स्कूल सेक्टर-5, चिन्मय विद्यालय बोकारो, आदर्श विद्या मंदिर चास और कैराली स्प्रिंगडल स्कूल के विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया।

वहीं समूह नृत्य प्रतियोगिता में श्री अय्यप्पा पब्लिक स्कूल, चिन्मय विद्यालय और कैराली स्प्रिंगडल स्कूल के विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

समूह गान में गुरु गोविन्द पब्लिक स्कूल प्रथम

बेहतर प्रदर्शन के आधार पर समूह गान प्रतियोगिता में गुरु गोविन्द पब्लिक स्कूल ने प्रथम, चिन्मय विद्यालय ने द्वितीय और श्री अय्यप्पा पब्लिक स्कूल ने तृतीय स्थान हासिल किया।

समूह नृत्य प्रतियोगिता में श्री अय्यप्पा पब्लिक स्कूल ने प्रथम, चिन्मय विद्यालय ने द्वितीय तथा कैराली स्प्रिंगडल स्कूल ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।

प्रतियोगिता की निर्णायक मंडली में अमरजी सिन्हा, प्रसेनजीत शर्मा, डॉ. मंजरी श्रीवास्तव, श्रीपर्णा घोष और रजनी पाढ़ी शामिल थीं।

प्रतियोगिता के माध्यम से विद्यार्थियों ने देशभक्ति, कला और सांस्कृतिक अभिव्यक्ति का सुंदर संगम प्रस्तुत किया। आयोजन ने नई पीढ़ी को ‘वंदे मातरम’ की भावना और राष्ट्रप्रेम से जोड़ने का संदेश दिया।