– Santosh Kr. Srivastav : Editor in Chief & Publisher
बोकारो स्टील में स्वतंत्रता दिवस समारोह, 151 कर्मियों को मिला बिरसा मुंडा एक्सीलेंस अवॉर्ड
बोकारो, 16 अगस्त। देश के 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड (सेल) की प्रमुख इकाई बोकारो स्टील प्लांट (बीएसएल) की ओर से मोहन कुमार मंगलम स्टेडियम में भव्य समारोह आयोजित किया गया। देशभक्ति गीतों और गूंजते जयकारों के बीच बीएसएल के निदेशक प्रभारी प्रिय रंजन ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया और आकर्षक परेड की सलामी ली। इस अवसर पर सीआईएसएफ के उप महानिरीक्षक जितेंद्र तिवारी भी मंच पर मौजूद रहे।
समारोह में बीएसएल के अधिशासी निदेशक, बोकारो महिला समिति की अध्यक्ष शुभम रंजन, विभिन्न विभागों के मुख्य महाप्रबंधक, वरिष्ठ अधिकारी, सीआईएसएफ बोकारो यूनिट के जवान, बीएसएल के कर्मचारी, स्कूली बच्चे और बड़ी संख्या में बोकारोवासी उपस्थित रहे।
छह दशकों से औद्योगिक विकास में योगदान
समारोह को संबोधित करते हुए निदेशक प्रभारी प्रिय रंजन ने बोकारोवासियों और बीएसएल कर्मियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि सेल और बोकारो स्टील प्लांट छह दशकों से अधिक समय से भारतीय अर्थव्यवस्था और देश के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि बोकारो स्टील प्लांट औद्योगिक और व्यावसायिक उपलब्धियों के साथ अपने सामाजिक दायित्वों के निर्वहन, नगर विकास और स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए भी प्रतिबद्ध है। टाउनशिप में सड़कों, विद्युत आपूर्ति और रखरखाव से जुड़े कार्यों को तेजी से पूरा किया जा रहा है।
151 कर्मियों को मिला बिरसा मुंडा एक्सीलेंस अवॉर्ड
स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान संयंत्र में उत्कृष्ट कार्य और उल्लेखनीय योगदान देने वाले 151 अधिकारी-कर्मचारियों को प्रतिष्ठित ‘बिरसा मुंडा एक्सीलेंस अवॉर्ड’ से सम्मानित किया गया।
इसके अलावा संयंत्र और परिसर की सुरक्षा में लगातार मुस्तैदी से योगदान देने वाले सीआईएसएफ और बीएसएल सुरक्षा बल के 55 कर्मियों को उनके सराहनीय कार्य के लिए प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
बीजीएच में अत्याधुनिक चिकित्सा उपकरणों का उद्घाटन
मुख्य समारोह के बाद निदेशक प्रभारी प्रिय रंजन ने बोकारो जनरल अस्पताल (बीजीएच) का दौरा किया और स्वास्थ्य सुविधाओं को आधुनिक बनाने वाली कई नई चिकित्सा मशीनों का उद्घाटन किया।
इनमें आधुनिक टीएमटी मशीन, सीसीयू के लिए नई आरओ यूनिट, न्यूरोसर्जरी विभाग के लिए न्यूरोसर्जिकल ड्रिल तथा ईएनटी विभाग के लिए इंटीग्रेटेड पॉवर्ड ड्रिल एंड डीब्राइडर सिस्टम शामिल हैं। इन उपकरणों से अस्पताल में मरीजों को बेहतर और आधुनिक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।
सेल फुटबॉल अकादमी के हाइटेक हॉस्टल का उद्घाटन
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर युवाओं के खेल कौशल को बढ़ावा देने की दिशा में भी पहल की गई। ट्रेनीज हॉस्टल परिसर में सेल फुटबॉल अकादमी के पूर्ण रूप से नवीनीकृत और आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित हॉस्टल का औपचारिक उद्घाटन किया गया।
इससे अकादमी से जुड़े खिलाड़ियों को बेहतर आवासीय सुविधाएं मिलने के साथ उनके प्रशिक्षण और खेल प्रतिभा को निखारने में मदद मिलेगी।
विभिन्न परिसरों में भी हुआ ध्वजारोहण
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर बोकारो महिला समिति, संकार्य प्रभाग, बीएसएल सुरक्षा विभाग और बोकारो स्टील ऑफिसर्स एसोसिएशन की ओर से भी अपने-अपने परिसरों में ध्वजारोहण किया गया। अधिकारियों, कर्मचारियों और सदस्यों ने राष्ट्रध्वज को नमन करते हुए स्वतंत्रता दिवस की गरिमा को बनाए रखा।

