बोकारो डकैती कांड में फरार आरोपी गिरफ्तार

Live ख़बर

– संतोष श्रीवास्तव की रिपोर्ट

नावाडीह पुलिस ने मुस्ताक शेख को किया गिरफ्तार, न्यायिक हिरासत में भेजा

बोकारो, 19 अगस्त 2026। नावाडीह थाना क्षेत्र में वर्ष 2025 में हुई डकैती के मामले में लंबे समय से फरार चल रहे अप्राथमिकी अभियुक्त मुस्ताक शेख उर्फ मो. मुस्ताक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी को विधिवत गिरफ्तार करने के बाद 19 अगस्त 2026 को न्यायिक हिरासत में भेज दिया।

मामला नावाडीह थाना कांड संख्या 57/2025 से संबंधित है। यह कांड 18 अगस्त 2025 को दर्ज किया गया था। मामले में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 310(2) के तहत कार्रवाई की गई है।

हथियार के बल पर घर में डकैती का आरोप

पुलिस के अनुसार, बिरनी गांव निवासी धनेश्वर साहु ने लिखित आवेदन देकर शिकायत दर्ज कराई थी। आवेदन के मुताबिक, 18 अगस्त 2025 की रात करीब एक बजे 8 से 10 अज्ञात अपराधकर्मियों ने घर के पीछे के दरवाजे का ताला तोड़कर प्रवेश किया था।

आरोप है कि अपराधियों ने हथियार का भय दिखाकर घर से जेवरात और नकद रुपये की डकैती की थी। शिकायत के आधार पर नावाडीह थाना में मामला दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की।

सात आरोपी पहले ही भेजे जा चुके हैं जेल

अनुसंधान के दौरान पुलिस ने मामले में सात अप्राथमिकी अभियुक्तों की पहचान कर उन्हें विधिवत गिरफ्तार किया था। सभी को न्यायिक हिरासत में भेजा जा चुका है।

इसी मामले में धनबाद जिले के मधुबन थाना क्षेत्र के खरखरी बस्ती निवासी 26 वर्षीय मुस्ताक शेख उर्फ मो. मुस्ताक घटना के बाद से फरार चल रहा था। पुलिस के अनुसार, उसके खिलाफ न्यायालय से इस्तेहार भी निर्गत किया गया था।

अनुसंधान के क्रम में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मुस्ताक शेख को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

छापेमारी दल में तीन पुलिसकर्मी शामिल

फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए की गई कार्रवाई में नावाडीह थाना प्रभारी सह पुलिस अवर निरीक्षक अमित कुमार सोनी, पुलिस अवर निरीक्षक राहुल कुमार राम और आरक्षी 1334 शेख मो. शोहराब शामिल रहे।

पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई और अनुसंधान जारी रखे हुए है।