– श्रीकांत केडिया की रिपोर्ट
कोल ट्रांसपोर्टिंग रूट पर रंगदारी की साजिश नाकाम, पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में लगी गोली
हजारीबाग, 30 जुलाई। झारखंड के हजारीबाग जिले के बड़कागांव थाना क्षेत्र में बुधवार देर रात पुलिस और गैंगस्टर प्रिंस खान के गुर्गों के बीच जबरदस्त मुठभेड़ हुई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक शूटर के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार अपराधी कोल ट्रांसपोर्टिंग रूट पर रंगदारी वसूलने की फिराक में थे।
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि गैंगस्टर प्रिंस खान से जुड़े कुछ अपराधी बड़कागांव क्षेत्र में कोयला परिवहन मार्ग पर सक्रिय हैं और रंगदारी की घटना को अंजाम देने की योजना बना रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने इलाके में घेराबंदी कर सघन अभियान चलाया।
Follow this link to JOIN our WhatsApp Community
अभियान के दौरान अपराधियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें एक शूटर के पैर में गोली लगी। घायल अपराधी को मौके से गिरफ्तार कर उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ की जा रही है और उसके अन्य साथियों की तलाश में छापेमारी जारी है। घटनास्थल से हथियार एवं अन्य आपत्तिजनक सामग्री मिलने की भी सूचना है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि पुलिस की ओर से की जानी बाकी है।
इस मुठभेड़ के बाद कोल ट्रांसपोर्टिंग रूट की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में संगठित अपराध और रंगदारी पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा।

