–संतोष श्रीवास्तव की रिपोर्ट
राजभाषा माह-2026 के तहत प्रकाश सभागार में सजी काव्य गोष्ठी, मुख्यालय और प्रक्षेत्रों के कार्मिकों ने दिखाई रचनात्मक प्रतिभा
रांची, 28 सितम्बर 2026 : सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड (सीसीएल) में आयोजित किए जा रहे ‘राजभाषा माह–2026’ के उपलक्ष्य में मानव संसाधन विकास विभाग के प्रकाश सभागार में भव्य स्वरचित कविता पाठ प्रतियोगिता का सफल आयोजन किया गया। इस साहित्यिक प्रतिस्पर्धा में सीसीएल मुख्यालय सहित विभिन्न प्रक्षेत्रों के अधिकारियों और कर्मचारियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। प्रतिभागियों ने अपनी मौलिक व भावपूर्ण काव्य रचनाओं के माध्यम से समसामयिक मुद्दों, जीवन मूल्यों, मानवीय संवेदनाओं और अनुभवों को अत्यंत प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया।
प्रतियोगिता के निर्णायक मंडल में राष्ट्रीय मंचों व आकाशवाणी-दूरदर्शन से जुड़े रांची के ख्यातिलब्ध कवि व वरिष्ठ साहित्यकार कुमार बृजेन्द्र तथा निर्मला महाविद्यालय, रांची की विभागाध्यक्ष डॉ. रेणु सिन्हा शामिल रहीं। दोनों विशिष्ट निर्णायकों ने प्रतिभागियों की प्रस्तुति, विषय वस्तु, शिल्प और अभिव्यक्ति का सूक्ष्मता से मूल्यांकन किया। सीसीएल की ओर से निर्णायक कुमार बृजेन्द्र का स्वागत महाप्रबंधक (मानव संसाधन विकास) फ़ैयाजुल हक़ ने तथा डॉ. रेणु सिन्हा का स्वागत महाप्रबंधक (पर्यावरण) संगीता ने किया।
रोमांचक काव्य मुकाबले में ढोरी प्रक्षेत्र के सहायक प्रबंधक (खनन) उज्ज्वल पाठक ने अपनी उत्कृष्ट प्रस्तुति से प्रथम स्थान हासिल किया। वहीं, महाप्रबंधक (पर्यावरण) संगीता ने द्वितीय, बीएनके प्रक्षेत्र के प्रबंधक (मानव संसाधन) आर. पी. यादव ने तृतीय, वरीय प्रबंधक (मानव संसाधन) सुष्मिता सहाय ने चतुर्थ तथा सीएसआर विभाग की उप प्रबंधक पूजा प्रसाद ने पंचम स्थान प्राप्त किया।
कार्यक्रम का सफल संचालन राजभाषा विभाग की पूजा सिंह एवं रामाधार पांडेय ने संयुक्त रूप से किया, जबकि समापन अवसर पर डॉ. दिविक दिवेश ने सभी अतिथियों और रचनाकारों के प्रति धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया। उल्लेखनीय है कि राजभाषा माह के अंतर्गत सीसीएल में टिप्पण-आलेखन, प्रश्नोत्तरी, हिंदी निबंध और हिंदी टंकण जैसी प्रतियोगिताओं का सफल आयोजन पहले ही किया जा चुका है। इसी कड़ी में अब राजभाषा संवर्ग के कार्मिकों की कार्यकुशलता और प्रतिभा को मंच देने के लिए विशेष ‘राजभाषोत्थान’ प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा।
