-संतोष श्रीवास्तव की रिपोर्ट
300 बच्चों ने कैनवास पर उकेरी सत्यनिष्ठा और ईमानदारी, विजेताओं को मिलेगा पुरस्कार
बोकारो, 23 सितंबर 2026। बोकारो इस्पात संयंत्र के सतर्कता विभाग द्वारा आगामी ‘सतर्कता जागरूकता सप्ताह-2026’ के तीन माह के विशेष अभियान के तहत बुधवार को स्कूली बच्चों के लिए चित्रांकन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। निगमित सामाजिक दायित्व (सीएसआर) के सहयोग से बोकारो महिला समिति द्वारा संचालित बाल मंदिर (को-ऑपरेटिव कॉलोनी) और सौरभ शिशु मंदिर (सेक्टर-2) में आयोजित इस प्रतियोगिता में लगभग 300 विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम में महाप्रबंधक (सतर्कता) एवं कार्यकारी एसीवीओ सहित विभाग के कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। प्रतियोगिता के दौरान बच्चों ने रंगों और कलात्मक कल्पनाशीलता के माध्यम से भ्रष्टाचार मुक्त समाज, नैतिक आचरण और सत्यनिष्ठा के विविध आयामों को कैनवास पर प्रदर्शित किया। अधिकारियों ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए जीवन में पारदर्शिता, ईमानदारी और अनुशासन के महत्व को समझाया और उन्हें देश का जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित किया।
विद्यालयों के प्राचार्यों और शिक्षकों के सहयोग से संपन्न इस प्रतियोगिता के उत्कृष्ट प्रतिभागियों को सतर्कता जागरूकता सप्ताह के मुख्य समापन समारोह के दौरान मंच से पुरस्कृत किया जाएगा।
