बिनोद बिहारी महतो की जयंती पर जेएलकेएम ने दी भावभीनी श्रद्धांजलि

Live ख़बर

-संतोष श्रीवास्तव की रिपोर्ट

बिजुलिया मोड़ पर प्रतिमा पर किया माल्यार्पण, ‘पढ़ो और लड़ो’ के संकल्प को दोहराया

चंदनकियारी (बोकारो), 23 सितंबर 2026। झारखंड आंदोलन के प्रणेता और जननायक स्वर्गीय बिनोद बिहारी महतो की जयंती के अवसर पर चंदनकियारी के विभिन्न क्षेत्रों में झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा (जेएलकेएम) द्वारा श्रद्धांजलि कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस क्रम में बिजुलिया मोड़ स्थित उनकी प्रतिमा पर जेएलकेएम के केंद्रीय महासचिव सह चंदनकियारी के पूर्व प्रत्याशी अर्जुन रजवार के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने माल्यार्पण व पुष्पांजलि अर्पित कर नमन किया।

श्रद्धांजलि सभा को संबोधित करते हुए अर्जुन रजवार ने कहा कि बिनोद बिहारी महतो एक दूरदर्शी आंदोलनकारी, प्रख्यात अधिवक्ता और समाज सुधारक थे। उन्होंने राज्य के शोषित और वंचित समाज को संगठित करने के लिए ‘पढ़ो और लड़ो’ का ऐतिहासिक नारा दिया था। रजवार ने कहा कि बिनोद बाबू द्वारा हक और अधिकार की लड़ाई के दिखाए मार्ग का ही परिणाम है कि अलग झारखंड राज्य का गठन संभव हो सका। उन्होंने शिवाजी समाज और झारखंड मुक्ति मोर्चा के गठन में उनके निर्णायक योगदान को याद किया।

समारोह में वक्ताओं ने बिनोद बाबू के सपनों का समृद्ध व शोषणमुक्त झारखंड बनाने के लिए एकजुट होकर संघर्ष करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में जेएलकेएम युवा मोर्चा के केंद्रीय उपाध्यक्ष राजाराम महतो, केंद्रीय सचिव सिमंत रजक, वरिष्ठ नेता अशोक महतो, मेराज साईं, रहीम साईं, पहाड़ महतो, गोपाल महतो, मुंशीराम महतो, नरेश महतो और लातिब अंसारी सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Verified by MonsterInsights