–संतोष श्रीवास्तव की रिपोर्ट
आय से अधिक संपत्ति मामले में पटना से बेगूसराय तक विजिलेंस की बड़ी कार्रवाई, पति-पत्नी दोनों अधिकारियों के आवासों पर तलाशी जारी
पटना, 28 सितम्बर 2026 : बिहार में भ्रष्टाचार और अवैध रूप से संपत्ति अर्जित करने वाले लोक सेवकों के खिलाफ निगरानी अन्वेषण ब्यूरो ने बड़ा प्रहार किया है। ब्यूरो की विशेष टीमों ने पटना के अपर समाहर्ता (एडीएम-सप्लाई) रविंद्र कुमार दिवाकर और उनकी पत्नी, दानापुर (पटना) की डिस्ट्रिक्ट सब-रजिस्ट्रार कुमारी स्वीटी के विभिन्न ठिकानों पर एक साथ ताबड़तोड़ छापेमारी की। पति-पत्नी दोनों अधिकारियों के परिसरों पर राजधानी पटना से लेकर बेगूसराय स्थित पैतृक व अन्य आवासों तक सघन तलाशी अभियान चलाया जा रहा है, जिससे प्रशासनिक महकमे में भारी हड़कंप मच गया है।

निगरानी विभाग से मिली जानकारी के अनुसार, दोनों अधिकारियों के विरुद्ध वैध आय के ज्ञात स्रोतों से करीब 1 करोड़ 6 लाख 85 हजार रुपये से अधिक की अवैध परिसंपत्तियां अर्जित करने के ठोस साक्ष्य मिलने के बाद डीए (आय से अधिक संपत्ति) का मामला दर्ज किया गया था। सक्षम न्यायालय से विधिवत सर्च वारंट प्राप्त करने के उपरांत निगरानी ब्यूरो की कई टीमों ने एक साथ दोनों के पटना और बेगूसराय स्थित ठिकानों पर दबिश दी।
सघन तलाशी के दौरान निगरानी टीम को दोनों अधिकारियों के ठिकानों से अकूत चल-अचल संपत्ति के दस्तावेज हाथ लगे हैं। आवासों से लाखों रुपये नकद (कैश) बरामद किए गए हैं, जिनकी गिनती की जा रही है। इसके अतिरिक्त भारी मात्रा में सोने-चांदी के बहुमूल्य जेवरात, विभिन्न स्थानों पर भूखंड व फ्लैटों में निवेश से जुड़े डीड और वित्तीय निवेश के कागजात जब्त किए गए हैं। तलाशी के क्रम में एडीएम सप्लाई के ठिकाने से अंतरराष्ट्रीय ब्रांड्स की महंगी और लक्जरी घड़ियों का एक बड़ा संग्रह (सीरीज) भी बरामद हुआ है।

निगरानी ब्यूरो के अधिकारियों के मुताबिक, दोनों अधिकारियों के बैंक खातों, लॉकरों और अन्य बेनामी संपत्तियों की गहन पड़ताल की जा रही है। जांच की प्रक्रिया पूरी होने के बाद अनुपातहीन संपत्ति का यह आंकड़ा और अधिक बढ़ने की संभावना है। समाचार लिखे जाने तक दोनों अधिकारियों के पटना और बेगूसराय स्थित आवासों पर ब्यूरो की कार्रवाई लगातार जारी है।
