वैशाली में फर्जी FSSAI लाइसेंस पर बिक रहा था पानी: ‘Besleri’ ब्रांड की 35 हजार से अधिक बोतलें जब्त

Live ख़बर

–संतोष श्रीवास्तव की रिपोर्ट

हाजीपुर की एबीएस इंडस्ट्रीज पर खाद्य सुरक्षा विभाग की बड़ी छापेमारी, जांच के लिए लैब भेजे गए सैंपल

हाजीपुर (वैशाली), 28 सितम्बर 2026 : राज्य भर में सुरक्षित, गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री और पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए स्वास्थ्य विभाग का विशेष अभियान लगातार जारी है। स्वास्थ्य सचिव-सह-खाद्य संरक्षा आयुक्त कुमार रवि के कड़े निर्देश पर वैशाली जिले के हाजीपुर स्थित औद्योगिक इकाई पर बड़ी कार्रवाई करते हुए फर्जी एफएसएसएआई (FSSAI) लाइसेंस नंबर के साथ बेचे जा रहे पैकेज्ड ड्रिंकिंग वाटर की 35,454 बोतलें जब्त की गई हैं।

प्राप्त शिकायत के आधार पर खाद्य सुरक्षा टीम ने हाजीपुर के साहुल्लाहपुर स्थित मेसर्स एबीएस इंडस्ट्रीज (M/s ABS Industries) में औचक छापेमारी की। जांच के दौरान प्रतिष्ठान के पास एफएसएसएआई का सेंट्रल लाइसेंस तो पाया गया, लेकिन मौके पर ‘Besleri Packaged Drinking Water’ के नाम से बिक्री के लिए तैयार रखी गई बोतलों पर बिल्कुल अलग लाइसेंस नंबर दर्ज था, जो जांच में फर्जी पाया गया। इसके अतिरिक्त बोतलों के लेबल पर निर्माता के रूप में मेसर्स साहिल एंटरप्राइजेज का नाम अंकित मिला, जिसके पास उक्त ट्रेड का वैध लाइसेंस उपलब्ध नहीं था। कई बोतलों पर बैच नंबर तक दर्ज नहीं किया गया था।

खाद्य संरक्षा दल ने त्वरित कार्रवाई करते हुए प्लांट में भंडारित कुल 35,454 बोतल पानी को मौके पर ही जब्त कर लिया। जब्त स्टॉक में 500 मिलीलीटर की 33,432 बोतलें, 1 लीटर की 240 बोतलें तथा 2 लीटर क्षमता की 1,782 बोतलें शामिल हैं। जब्त पानी के नमूने गुणवत्ता परीक्षण के लिए राज्य खाद्य प्रयोगशाला भेज दिए गए हैं। प्रतिष्ठान को वितरण और उत्पादन से संबंधित सभी वैध दस्तावेज प्रस्तुत करने के लिए तीन दिनों की मोहलत दी गई है, साथ ही सेंट्रल लाइसेंसिंग अथॉरिटी से भी समन्वय स्थापित कर विधिक कार्रवाई की जा रही है।

राज्यव्यापी अभियान के तहत जनस्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए अब तक विभिन्न श्रेणियों के 765 से अधिक खाद्य नमूने संग्रहित किए जा चुके हैं। इनमें दूध, मिठाई, मसाले, तेल, अनाज और बेकरी उत्पाद शामिल हैं। आगामी त्योहारों को देखते हुए विभाग ने स्पष्ट किया है कि मिलावटखोरी के खिलाफ यह सख्त अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा।

Verified by MonsterInsights