भ्रामक पोस्ट पर होगी कड़ी कार्रवाई

Live ख़बर

– संतोष श्रीवास्तव की रिपोर्ट

पिलपिलो में बिना अनुमति डीप बोरिंग पर रोक, दीदी कैंटीन 14 सितंबर तक शुरू करने का निर्देश

बोकारो : 21 अगस्त 2026

बोकारो के उपायुक्त अजय नाथ झा ने सोशल मीडिया के माध्यम से भ्रामक जानकारी फैलाकर अफवाह या सामाजिक तनाव पैदा करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी है। उन्होंने कहा कि जनता की जायज समस्याओं और सकारात्मक फीडबैक का प्रशासन स्वागत करता है, लेकिन जानबूझकर गलत जानकारी प्रसारित करने वालों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा।

उपायुक्त ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित जिला स्तरीय समीक्षा बैठक में सोशल मीडिया फीडबैक सहित विभिन्न विभागों के कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को सोशल मीडिया पर सामने आने वाली जन समस्याओं पर आवश्यक कार्रवाई करने के साथ भ्रामक सूचनाओं पर भी नजर रखने का निर्देश दिया।

पिलपिलो में बिना अनुमति डीप बोरिंग पर रोक

बैठक में गोमिया प्रखंड के पिलपिला गांव में जमीन से आग निकलने की घटना की भी समीक्षा की गई। उपायुक्त ने बेरमो एसडीओ से वर्तमान स्थिति की जानकारी लेते हुए संवेदनशील क्षेत्र की नियमित निगरानी करने का निर्देश दिया।

उन्होंने बीडीओ और सीओ को प्रत्येक सप्ताह क्षेत्र की मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने तथा बिना अनुमति किसी भी प्रकार की डीप बोरिंग पर रोक लगाने का निर्देश दिया। संबंधित अधिकारियों को क्षेत्र में होने वाली गतिविधियों पर सतर्क निगरानी रखने को कहा गया।

जेएसएलपीएस के कार्यों की समीक्षा

झारखंड स्टेट लाइवलीहुड प्रमोशन सोसाइटी (जेएसएलपीएस) के कार्यों की समीक्षा के दौरान वित्तीय आवंटन के खर्च के मामले में बोकारो जिले के राज्य में छठे स्थान पर रहने पर उपायुक्त ने अधिकारियों की सराहना की।

उन्होंने ग्रामीण महिलाओं को आर्थिक और सामाजिक रूप से सशक्त बनाने के लिए ग्राम स्तर पर ‘पत्रकार दीदी’ को चिन्हित करने का निर्देश दिया। साथ ही महिलाओं से जुड़ी गतिविधियों और उपलब्धियों को मंच देने के लिए मासिक मैगजीन निकालने पर जोर दिया।

14 सितंबर तक शुरू होगी दीदी कैंटीन

उपायुक्त ने समाहरणालय परिसर में निर्माणाधीन दीदी कैंटीन का संचालन 14 सितंबर तक हर हाल में शुरू करने का निर्देश दिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को शेष कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने और कैंटीन का संचालन सुनिश्चित करने को कहा।

बैठक में पुलिस अधीक्षक नाथू सिंह मीणा, उप विकास आयुक्त शताब्दी मजूमदार, प्रशिक्षु आईएएस अरविंद राधाकृष्णन, अपर समाहर्ता सुनील चन्द्र, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी डॉ. सुमन गुप्ता, सहायक निदेशक सामाजिक सुरक्षा सुचिता किरण सहित विभिन्न विभागों के पदाधिकारी उपस्थित रहे।