विस्थापितों को मिलेगा जमीन का पर्चा

Live ख़बर

– संतोष श्रीवास्तव की रिपोर्ट

तांतरी दक्षिणी पंचायत पहुंचे उपायुक्त अजय नाथ झा, स्कूल और सोलर लाइट की समस्याओं के समाधान का दिया भरोसा

बोकारो : 21 अगस्त 2026

बोकारो के जरीडीह प्रखंड अंतर्गत तांतरी दक्षिणी पंचायत में शुक्रवार को उपायुक्त अजय नाथ झा ने विशेष चौपाल लगाकर ग्रामीणों और विस्थापित परिवारों की समस्याएं सुनीं। उन्होंने पंचायत भवन में ग्रामीणों से सीधे संवाद किया और क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों की बिंदुवार समीक्षा की।

उपायुक्त ने कहा कि ग्रामीणों, विशेषकर विस्थापित परिवारों की समस्याओं का समाधान जिला प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि तत्काल समाधान वाली समस्याओं का शीघ्र निपटारा किया जाए, जबकि नीतिगत मामलों में पारदर्शी और समयबद्ध प्रक्रिया अपनाकर ग्रामीणों को राहत दी जाए।

तांतरी दक्षिणी पंचायत प्रमुख पुनर्वास क्षेत्रों में शामिल है, जहां बोकारो स्टील प्लांट से प्रभावित विस्थापित परिवार रहते हैं। चौपाल के दौरान ग्रामीणों ने जमीन का पर्चा, बुनियादी सुविधाओं, नियोजन और पुनर्वास से जुड़े मुद्दे उपायुक्त के समक्ष रखे।

पात्र परिवारों के लिए लगेगा विशेष शिविर

विस्थापित परिवारों की समस्याओं को गंभीरता से सुनने के बाद उपायुक्त ने कहा कि पात्र परिवारों की जांच कर जल्द विशेष शिविर आयोजित किया जाएगा। जांच के बाद पात्र परिवारों को पारदर्शी प्रक्रिया के तहत जमीन का पर्चा उपलब्ध कराया जाएगा।

ग्रामीणों ने विद्यालय की बाउंड्री वॉल, सोलर लाइट और सभागार निर्माण की मांग भी रखी। उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को इन मांगों के लिए स्थल निरीक्षण करने का निर्देश दिया। उन्होंने ग्रामसभा से प्रस्ताव पारित कर भेजने को कहा, ताकि आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर निर्माण कार्य जल्द शुरू कराया जा सके।

उपायुक्त ने अधिकारियों को पंचायत क्षेत्र की अन्य बुनियादी समस्याओं की भी समीक्षा कर आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य ग्रामीणों की समस्याओं का मौके पर समाधान करना और विकास योजनाओं को धरातल पर प्रभावी तरीके से लागू करना है।

चौपाल में डीपीएलआर पूर्णिमा कुमारी, बीडीओ कुमार कनिष्क, सीओ प्रणव ऋतुराज, थाना प्रभारी विपिन चंद्र महतो, सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी अविनाश कुमार सिंह, मुखिया शांति देवी, उप मुखिया सहित अन्य जनप्रतिनिधि और संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे।