डीवीसी की 500 मेगावाट यूनिट ठप

Live ख़बर

– संतोष श्रीवास्तव की रिपोर्ट

ट्यूब लीकेज के बाद आपात शटडाउन, सोमवार शाम तक उत्पादन बहाल होने की उम्मीद

बोकारो थर्मल : 21 अगस्त 2026

डीवीसी बोकारो थर्मल पावर प्लांट की 500 मेगावाट क्षमता वाली ए-यूनिट में ट्यूब लीकेज के कारण शुक्रवार को बिजली उत्पादन पूरी तरह ठप हो गया। तकनीकी खराबी सामने आने के बाद सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए प्रबंधन ने दोपहर करीब दो बजे यूनिट को शटडाउन कर दिया। प्रबंधन के अनुसार मरम्मत कार्य पूरा होने में दो से तीन दिन लग सकते हैं।

जानकारी के अनुसार शुक्रवार सुबह तक प्लांट में करीब 364 मेगावाट बिजली का उत्पादन हो रहा था। दोपहर पौने दो बजे तक उत्पादन घटकर करीब 300 मेगावाट रह गया। बॉयलर ट्यूब में लीकेज की पुष्टि होने के बाद अधिकारियों और अभियंताओं ने तत्काल कार्रवाई करते हुए यूनिट को बंद करने का निर्णय लिया।

यूनिट के शटडाउन के बाद बॉयलर को पूरी तरह ठंडा होने में समय लगेगा। इसके बाद ही मेंटेनेंस टीम बॉयलर के अंदर जाकर लीकेज की मरम्मत शुरू कर सकेगी।

सोमवार शाम तक उत्पादन शुरू होने की उम्मीद

डीवीसी के मुख्य प्रबंधक एवं परियोजना प्रधान सुशील कुमार अरजरिया ने बताया कि शटडाउन के बाद बॉयलर के पर्याप्त ठंडा होने का इंतजार किया जा रहा है। इसके बाद मरम्मत कार्य शुरू किया जाएगा। उन्होंने उम्मीद जताई कि परिस्थितियां अनुकूल रहने और मरम्मत कार्य निर्धारित योजना के अनुसार पूरा होने पर सोमवार शाम तक यूनिट को लाइटअप कर बिजली उत्पादन दोबारा शुरू किया जा सकता है।

बोकारो थर्मल पावर प्लांट क्षेत्र के प्रमुख ऊर्जा स्रोतों में शामिल है। यहां से उत्पादित बिजली राष्ट्रीय ग्रिड के माध्यम से विभिन्न क्षेत्रों तक पहुंचती है। 500 मेगावाट क्षमता वाली यूनिट के अचानक बंद होने से बिजली आपूर्ति व्यवस्था पर दबाव बढ़ने की संभावना है। हालांकि वास्तविक प्रभाव ग्रिड की उपलब्धता और अन्य विद्युत उत्पादन इकाइयों से मिलने वाली आपूर्ति पर निर्भर करेगा।

प्रबंधन की ओर से फिलहाल मरम्मत कार्य को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने पर जोर दिया जा रहा है, ताकि यूनिट को जल्द से जल्द दोबारा उत्पादन में लाया जा सके।