– एस०एन०चतुर्वेदी की रिपोर्ट
श्रावण माह के प्रथम दिन पूजा-अर्चना के बाद लौटे राज्यसभा सांसद, स्वागत की प्रतीक्षा में रहे समर्थक और कार्यकर्ता
बाढ़, 29 जुलाई। श्रावण माह के प्रथम दिन पूर्व मुख्यमंत्री एवं राज्यसभा सांसद नीतीश कुमार गुरुवार को बाढ़ स्थित प्रसिद्ध उमानाथ महादेव मंदिर-घाट पहुंचे। उन्होंने मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना की तथा मंदिर परिसर में चल रहे विकास कार्यों का निरीक्षण किया। इस दौरान उनके साथ पूर्व विधायक ज्ञानेंद्र कुमार सिंह भी मौजूद रहे।
मंदिर परिसर में निरीक्षण के बाद नीतीश कुमार ने वहां मौजूद श्रद्धालुओं, एनडीए कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों का हाथ जोड़कर अभिवादन किया तथा इसके बाद अपने वाहन से वापस रवाना हो गए।
Follow this link to JOIN our WhatsApp Community
नीतीश कुमार के आगमन को लेकर बड़ी संख्या में जद(यू) एवं एनडीए के कार्यकर्ता और समर्थक फूल-माला एवं बुके लेकर उनके स्वागत के लिए पहुंचे थे। हालांकि, कार्यक्रम के दौरान उनसे मुलाकात नहीं हो सकी। इसके बाद कई कार्यकर्ता स्वागत सामग्री के साथ ही वापस लौट गए, जिससे स्थानीय स्तर पर विभिन्न तरह की चर्चाएं होती रहीं।
कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर प्रशासन की ओर से व्यापक इंतजाम किए गए थे। अनुमंडल पदाधिकारी गरिमा लोहिया, अंचलाधिकारी, नगर परिषद की कार्यपालक पदाधिकारी तथा पुलिस प्रशासन के अधिकारी और जवान मौके पर तैनात रहे।
मौके पर जद(यू) के वरिष्ठ नेता प्रो. शंकर सिंह, किसान प्रकोष्ठ के नेता मनोज कुमार, अशोक चंद्रवंशी, सभापति संजय कुमार उर्फ गाय माता, उपसभापति प्रतिनिधि रवि विद्यार्थी, रंजन कुमार सिंह, राणा उदय सिंह सहित कई जनप्रतिनिधि, कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा प्रोटोकॉल के कारण मीडिया प्रतिनिधियों की आवाजाही और कवरेज पर भी प्रतिबंध रहा। इस कारण पत्रकारों को राज्यसभा सांसद से बातचीत का अवसर नहीं मिल सका।

