– एस०एन०चतुर्वेदी की रिपोर्ट
विजय कुमार सिन्हा ने बड़हिया के प्रभावित क्षेत्रों का लिया जायजा, सामुदायिक रसोई, नाव परिचालन, पशुचारा, सड़क, बिजली और फसल क्षति को लेकर दिए दिशा-निर्देश
लखीसराय, 9 सितंबर 2026: बिहार के कृषि मंत्री सह लखीसराय विधानसभा क्षेत्र के विधायक विजय कुमार सिन्हा ने गत दिनों बड़हिया प्रखंड के चेतन टोला सहित बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का भ्रमण कर जमीनी स्थिति का जायजा लिया। इस दौरान कृषि मंत्री ने संबंधित पदाधिकारियों से राहत सामग्री, नाव परिचालन, सामुदायिक रसोई, पशुचारा, सड़क एवं विद्युत आपूर्ति सहित विभिन्न व्यवस्थाओं की जानकारी ली तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
भ्रमण के पश्चात कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा की अध्यक्षता में जिला प्रशासन द्वारा संचालित राहत एवं बचाव कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। सर्वप्रथम आपदा प्रबंधन अपर समाहर्ता नीरज कुमार ने प्रस्तुतीकरण के माध्यम से जिला प्रशासन द्वारा किए जा रहे आपदा प्रबंधन, राहत एवं बचाव कार्यों की विस्तृत जानकारी दी।
मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने निर्देश दिया कि राहत एवं बचाव कार्य में परिचालित सभी सरकारी नावों पर स्पष्ट रूप से बैनर लगाया जाए, ताकि आम लोगों को सरकारी नाव की पहचान करने में सुविधा हो। उन्होंने जिले में परिचालित सरकारी एवं निजी नावों की अद्यतन विवरणी भी उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।
सामुदायिक रसोई में बच्चों को तीन बार दूध देने का निर्देश
सामुदायिक रसोई की समीक्षा के क्रम में मंत्री ने निर्देश दिया कि पिछले वर्ष की तर्ज पर मिड-डे-मील व्यवस्था के माध्यम से सामुदायिक रसोई का संचालन किया जाए। साथ ही, सामुदायिक रसोई में बच्चों को प्रतिदिन तीन बार दूध उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया, ताकि बाढ़ प्रभावित बच्चों को पर्याप्त पोषण मिल सके।
उन्होंने सभी बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में फूड पैकेट का वितरण सुनिश्चित करने का भी निर्देश दिया।
419 क्विंटल पशुचारा वितरित
पशुचारा वितरण की समीक्षा के दौरान जिला पशुपालन पदाधिकारी ने बताया कि 6 सितंबर को 167 क्विंटल तथा 7 सितंबर को 252 क्विंटल पशुचारा वितरित किया गया है। इस प्रकार दोनों दिनों में कुल 419 क्विंटल पशुचारा वितरित किया गया।
भ्रमण के दौरान लक्ष्मीपुर क्षेत्र में पशुओं को सड़क पर देखे जाने पर मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने पशुओं के लिए सुरक्षित व्यवस्था करने तथा पर्याप्त चारा उपलब्ध कराने के संबंध में आवश्यक निर्देश दिए।
क्षतिग्रस्त सड़कों को आवागमन योग्य बनाने के निर्देश
सड़क संपर्क की समीक्षा के दौरान मंत्री ने कार्यपालक अभियंता, पथ प्रमंडल लखीसराय एवं कार्यपालक अभियंता, ग्रामीण कार्य विभाग से बाढ़ के कारण क्षतिग्रस्त सड़कों की जानकारी ली। बताया गया कि बड़हिया में पथ निर्माण विभाग तथा दरियापुर में ग्रामीण कार्य विभाग की सड़क क्षतिग्रस्त हुई है। इन सड़कों को अगले दिन तक आवागमन योग्य बनाने का प्रयास किया जा रहा है।
फसल क्षति का आकलन कर किसानों को मुआवजा देने का निर्देश
कृषि फसल क्षति की समीक्षा करते हुए मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने जिला कृषि पदाधिकारी को निर्देश दिया कि बाढ़ का पानी निकलने के उपरांत अविलंब फसल क्षति का आकलन कराया जाए। साथ ही, फसल क्षति से प्रभावित सभी पात्र किसानों को नियमानुसार मुआवजा उपलब्ध कराया जाए।
जिला कृषि पदाधिकारी ने बड़हिया क्षेत्र में टोपो लैंड से संबंधित समस्या के कारण मुआवजा वितरण में आने वाली कठिनाई से कृषि मंत्री को अवगत कराया। मंत्री ने समस्या का शीघ्र समाधान कराने का आश्वासन दिया।
इसके अलावा कार्यपालक अभियंता, विद्युत प्रमंडल, लखीसराय से बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति की स्थिति की भी समीक्षा की गई।
इस अवसर पर अपर समाहर्ता आपदा प्रबंधन नीरज कुमार, उप विकास आयुक्त सुमित कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी प्रभाकर कुमार, प्रभारी पदाधिकारी आपदा शशि कुमार, नजारत उप समाहर्ता प्राची कुमारी तथा संबंधित प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचलाधिकारी सहित अन्य पदाधिकारी एवं सरकारी कर्मी उपस्थित रहे।
