बाढ़ में हथियारों के साथ तीन गिरफ्तार

Live ख़बर

एस०एन० चतुर्वेदी की रिपोर्ट

पंडारक के बमपुर पुल के पास आपराधिक साजिश की सूचना पर पुलिस की छापेमारी, पिस्टल-कट्टा और 30 कारतूस बरामद

बाढ़, 22 अगस्त 2026। पटना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बाढ़ अनुमंडल के पंडारक थाना क्षेत्र स्थित बमपुर गांव के पास आपराधिक घटना को अंजाम देने की कथित तैयारी कर रहे तीन अभियुक्तों को अवैध हथियारों के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके पास से एक देशी पिस्टल, तीन देशी कट्टा, 30 जिंदा कारतूस, तीन मोबाइल फोन और एक मोटरसाइकिल बरामद की है।

पुलिस के अनुसार, 21 अगस्त की रात पंडारक थानाध्यक्ष को गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ व्यक्ति बमपुर पुल के पास किसी आपराधिक घटना को अंजाम देने के उद्देश्य से एकत्रित हुए हैं। सूचना के सत्यापन और आवश्यक कार्रवाई के लिए पुलिस अधीक्षक ग्रामीण कुंदन कुमार के निर्देशन में विशेष छापामारी टीम का गठन किया गया।

गठित टीम ने सूचना के आधार पर तत्काल बमपुर पुल के पास छापेमारी की और तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से हथियार, कारतूस, मोबाइल फोन और मोटरसाइकिल बरामद की गई।

दो आरोपियों का पूर्व से आपराधिक इतिहास

ग्रामीण पुलिस अधीक्षक कुंदन कुमार ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान संजय यादव, सिंटू कुमार और अजय कुमार के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार तीनों में से दो का पूर्व से आपराधिक इतिहास रहा है।

जांच में सामने आया है कि संजय यादव के खिलाफ पूर्व से हत्या एवं आर्म्स एक्ट से संबंधित मामले दर्ज हैं। वहीं, सिंटू कुमार के खिलाफ भी आर्म्स एक्ट का मामला दर्ज होने की जानकारी पुलिस ने दी है।

पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है। गिरफ्तार अभियुक्तों के आपराधिक रिकॉर्ड और हथियारों के स्रोत के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है। मामले में अग्रतर विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है।