– एस०एन०चतुर्वेदी की रिपोर्ट
वैशाली के बहारामपुर में कटाव प्रभावित क्षेत्र का मंत्री संजय सिंह ने लिया जायजा
वैशाली, 23 अगस्त: लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग (PHED) के मंत्री संजय सिंह ने रविवार को वैशाली जिले के राघोपुर प्रखंड अंतर्गत बहारामपुर (पुरुषोत्तमपुर) पहुँचकर नदी कटाव से प्रभावित क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण किया और स्थिति का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान मंत्री ने स्थानीय ग्रामीणों से सीधा संवाद कर उनकी समस्याओं को सुना। उन्होंने मौके पर उपस्थित प्रशासनिक एवं तकनीकी अधिकारियों से कटाव की वर्तमान स्थिति और सुरक्षात्मक प्रबंधों की विस्तृत जानकारी ली। मंत्री ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि प्रभावित क्षेत्रों में तत्काल आवश्यक बचाव कार्य शुरू किए जाएं ताकि आम जनता को किसी प्रकार की कठिनाई का सामना न करना पड़े।
संजय सिंह ने ग्रामीणों को आश्वस्त करते हुए कहा कि राज्य सरकार कटाव पीड़ितों की समस्याओं को लेकर पूरी तरह संवेदनशील और गंभीर है। आवश्यकतानुसार त्वरित राहत व बचाव के कदम उठाए जाएंगे और सरकार की ओर से प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।

