– एस०एन०चतुर्वेदी की रिपोर्ट
पर्यटन सचिव और डीएम ने लिया व्यवस्थाओं का जायजा, सुगम व सुरक्षित प्रबंधन के निर्देश
गयाजी, 23 अगस्त: ऐतिहासिक एवं धार्मिक नगरी गयाजी में पर्यटन विभाग और जिला प्रशासन के उच्चाधिकारियों ने विभिन्न विकास योजनाओं एवं आगामी विश्वप्रसिद्ध पितृपक्ष मेले की तैयारियों का स्थलीय निरीक्षण किया।

निरीक्षण दल में पर्यटन सचिव लोकेश कुमार सिंह, पर्यटन निदेशक उदयन मिश्रा, जिलाधिकारी शशांक शुभंकर एवं पर्यटन संयुक्त सचिव प्रदीप कुमार सिंह सहित वरीय प्रशासनिक व तकनीकी अधिकारी शामिल रहे। अधिकारियों ने फल्गु नदी तट, प्रमुख वेदियों और मेला क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। इस दौरान तीर्थयात्रियों व देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों के लिए निर्बाध पेयजल, स्वच्छता, सुगम यातायात, सुरक्षा, प्रकाश व्यवस्था और अन्य मूलभूत सुविधाओं को समय पर दुरुस्त करने के कड़े निर्देश दिए गए।
अधिकारियों ने कहा कि फल्गु नदी तट पर लाखों श्रद्धालु अपने पितरों के मोक्ष व तर्पण हेतु पहुँचते हैं। पितृपक्ष मेले का आयोजन पूरी भव्यता, सुव्यवस्था और श्रद्धा के साथ सुनिश्चित किया जाएगा, ताकि यहाँ आने वाले सभी श्रद्धालुओं को एक सुगम, सुरक्षित और अविस्मरणीय आध्यात्मिक अनुभव प्राप्त हो सके।

