– संतोष श्रीवास्तव की रिपोर्ट
मद्यनिषेध ब्यूरो और फतुहा पुलिस की संयुक्त कार्रवाई, 6 चक्का टाटा 407 वाहन भी पकड़ाया
पटना/फतुहा, 23 अगस्त: मादक पदार्थों की तस्करी एवं अवैध शराब कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत मद्यनिषेध एवं राज्य स्वापक नियंत्रण ब्यूरो (P&SNCB), बिहार और फतुहा थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 3041.88 लीटर विदेशी शराब बरामद की है। मौके से एक तस्कर को गिरफ्तार किया गया है।

ब्यूरो के विशेष अभियान दल को अवैध शराब की एक बड़ी खेप गुजरने की गुप्त सूचना प्राप्त हुई थी। सूचना के आधार पर फतुहा थाना क्षेत्र में घेराबंदी कर एक संदिग्ध 06 चक्का टाटा 407 वाहन को रोका गया। सघन तलाशी के दौरान वाहन से 3041.88 लीटर अवैध विदेशी शराब बरामद कर जब्त की गई। पुलिस ने वाहन को जब्त करते हुए मौके से एक अभियुक्त को हिरासत में ले लिया।
मद्यनिषेध एवं राज्य स्वापक नियंत्रण ब्यूरो के अनुसार, नशामुक्त बिहार के संकल्प को साकार करने हेतु तस्करों के विरुद्ध यह सख्त अभियान लगातार जारी है। गिरफ्तार अभियुक्त के खिलाफ मद्यनिषेध कानून के तहत प्राथमिकी दर्ज कर अग्रिम कानूनी कार्रवाई की जा रही है तथा शराब नेटवर्क से जुड़े अन्य धंधेबाजों की पहचान की जा रही है।

