– एस०एन०चतुर्वेदी की रिपोर्ट
जिला पदाधिकारी छिरिङ वाई भूटिया की अध्यक्षता में आयोजित समीक्षा बैठक के दौरान निबंधन कार्यालय के कार्यों, राजस्व लक्ष्य और जिले में लागू पेपरलेस निबंधन व्यवस्था की प्रगति का विस्तृत जायजा लिया गया।
जहानाबाद, 25 अगस्त : बैठक के दौरान जिला पदाधिकारी को अवगत कराया गया कि जिले में 18 जुलाई से पेपरलेस निबंधन व्यवस्था प्रभावी है। इसकी धीमी गति पर चिंता जताते हुए उन्होंने कार्यप्रणाली में तेजी लाने के स्पष्ट निर्देश दिए। उन्होंने जोर देकर कहा कि इस व्यवस्था का मुख्य उद्देश्य निबंधन प्रक्रिया को त्वरित, सरल, पारदर्शी और सुविधाजनक बनाना है।
डीएम ने पेपरलेस निबंधन को लेकर फैली इस भ्रांति को दूर करने का निर्देश दिया कि लोगों को निबंधित दस्तावेज की कागजी प्रति नहीं मिलेगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस व्यवस्था के तहत भी आमजनों को कार्यालय प्रति उपलब्ध कराई जा रही है।
व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए सोशल मीडिया, पंचायतों, नगर परिषद क्षेत्रों और प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर बैनर-होर्डिंग लगाने के निर्देश दिए गए। साथ ही, जिले के 45 सर्विस लाइसेंस प्रोवाइडर के कार्यों की समीक्षा करते हुए जिला अवर निबंधक को उनसे संवाद कर प्रगति की नियमित मॉनिटरिंग करने को कहा गया।

