– एस०एन०चतुर्वेदी की रिपोर्ट
19 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल ने जाना नेट-ज़ीरो परिसर का शैक्षणिक माहौल, प्राचीन विरासत को आधुनिक शिक्षा से जोड़ने पर दिया बल
राजगीर/नालंदा, 25 अगस्त। परिवहन, पर्यटन एवं संस्कृति संबंधी संसदीय स्थायी समिति के अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद संजय कुमार झा के नेतृत्व में 19 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल ने मंगलवार को नालंदा विश्वविद्यालय का दौरा किया। इस प्रतिनिधिमंडल में राजीव प्रताप रूड़ी, मनोज तिवारी और सुधा मूर्ति सहित दोनों सदनों के प्रमुख सांसद शामिल थे। सांसदों ने विश्वविद्यालय परिसर का भ्रमण कर कुलपति, शिक्षकों और विद्यार्थियों के साथ सीधा संवाद किया।
कुलपति प्रो. सचिन चतुर्वेदी ने प्रतिनिधिमंडल को शैक्षणिक कार्यक्रमों, बढ़ते अंतरराष्ट्रीय छात्र समुदाय और विश्वविद्यालय के नेट-ज़ीरो हरित परिसर (अक्षय ऊर्जा व जल प्रबंधन) की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि किस प्रकार लगभग 800 वर्षों बाद नालंदा का यह पुनर्विकास आधुनिक वैश्विक शिक्षा और ऐतिहासिक विरासत का अनूठा संगम बनकर उभर रहा है। वर्तमान में यहाँ 1,000 से अधिक विद्यार्थी अध्ययनरत हैं।

संसदीय समिति के अध्यक्ष संजय कुमार झा ने विश्वविद्यालय की वैश्विक उपस्थिति और पर्यावरण-अनुकूल इंफ्रास्ट्रक्चर की सराहना की। बैठक के दौरान नालंदा-राजगीर क्षेत्र में बौद्ध एवं विरासत पर्यटन के विकास, अंतरराष्ट्रीय और स्थानीय बिहार के छात्रों की भागीदारी बढ़ाने तथा वैश्विक दृश्यता को मजबूत करने पर विशेष चर्चा हुई। सांसद सुधा मूर्ति, राजीव प्रताप रूड़ी और इमरान प्रतापगढ़ी ने भी नालंदा के ऐतिहासिक गौरव को पुनः स्थापित करने के प्रयासों की प्रशंसा की।
इस दौरे में समिति के सदस्यों के साथ नालंदा के जिलाधिकारी हृदयकांत, पुलिस अधीक्षक सुश्री सारा अशरफ, उप विकास आयुक्त राजीव रंजन कुमार सिन्हा सहित स्थानीय प्रशासन और विश्वविद्यालय के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

