– Santosh Kr. Srivastav : Editor in Chief & Publisher
पुण्यतिथि पर राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने पाटलिपुत्र पार्क में अटल जी की प्रतिमा पर किया माल्यार्पण
पटना, 16 अगस्त। पूर्व प्रधानमंत्री एवं भारत रत्न स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी की पुण्यतिथि के अवसर पर राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) सैयद अता हसनैन और मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने पटना के पाटलिपुत्र पार्क में अटल बिहारी वाजपेयी की आदमकद प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।

जनप्रतिनिधियों ने भी किया नमन
इस अवसर पर ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार, कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा, सहकारिता मंत्री राम कृपाल यादव, कला एवं संस्कृति मंत्री डॉ. प्रमोद कुमार, सांसद रविशंकर प्रसाद, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सह विधायक संजय सरावगी, विधायक रत्नेश कुशवाहा, विधायक संजय कुमार गुप्ता, विधान पार्षद कुमुद वर्मा सहित अन्य जनप्रतिनिधियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने भी अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।
उपस्थित लोगों ने देश के पूर्व प्रधानमंत्री के राष्ट्र निर्माण में योगदान और उनके सार्वजनिक जीवन के आदर्शों को याद किया।
कलाकारों ने प्रस्तुत किए देशभक्ति गीत
श्रद्धांजलि कार्यक्रम के दौरान सूचना एवं जन-संपर्क विभाग के कलाकारों ने आरती-पूजन, राष्ट्रीय गीत, राष्ट्रगान, बिहार गीत और देशभक्ति गीतों की प्रस्तुति दी। कार्यक्रम के दौरान पूरा परिसर देशभक्ति के भाव से ओत-प्रोत रहा।
अटल बिहारी वाजपेयी के व्यक्तित्व, राष्ट्र सेवा और लोकतांत्रिक मूल्यों को याद करते हुए उपस्थित लोगों ने उनके विचारों और आदर्शों को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।

