कृष्ण महोत्सव में उमड़ा श्रद्धा का सैलाब

Live ख़बर

– रंजित प्रसाद सिन्हा की रिपोर्ट

बाल गोपालों की रूप सज्जा, रासलीला और मटकी फोड़ प्रतियोगिता ने बांधा समां

पटना | 30 अगस्त 2026: श्री कृष्ण महोत्सव ट्रस्ट की ओर से रविवार को बिहार चैंबर ऑफ कॉमर्स, गांधी मैदान, पटना में ‘श्री कृष्ण महोत्सव 4.0’ का भव्य आयोजन किया गया। कृष्ण भक्ति, भारतीय संस्कृति और लोक परंपराओं से सजे महोत्सव में बड़ी संख्या में श्रद्धालु और राजधानीवासी शामिल हुए। पूरे कार्यक्रम के दौरान परिसर कृष्णमय बना रहा।

कार्यक्रम का उद्घाटन बिहार चैंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष पी.के. अग्रवाल, विशिष्ट अतिथि सुभाष पटवारी, संस्था अध्यक्ष राकेश कुमार और महासचिव मुकेश जैन सहित अन्य अतिथियों ने संयुक्त रूप से किया।

दोपहर एक बजे बच्चों के लिए रूप सज्जा प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें करीब 85 बच्चों ने भगवान श्रीकृष्ण और राधा के मनमोहक स्वरूप में हिस्सा लिया। नन्हे बाल गोपालों की आकर्षक वेशभूषा और प्रस्तुतियों ने उपस्थित लोगों का मन मोह लिया।

रासलीला और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने मोहा मन

दोपहर दो बजे से सांस्कृतिक कार्यक्रमों की शुरुआत हुई। कलाकारों ने कथक, भरतनाट्यम और लोकनृत्य के माध्यम से भगवान श्रीकृष्ण की विभिन्न लीलाओं को मंच पर जीवंत किया। रासलीला और बाल लीलाओं पर आधारित नाट्य प्रस्तुति ने दर्शकों को भावविभोर कर दिया। प्रस्तुतियों के दौरान सभागार तालियों की गड़गड़ाहट से गूंजता रहा।

दोपहर तीन बजे आयोजित मटकी फोड़ प्रतियोगिता महोत्सव का विशेष आकर्षण रही। युवाओं ने उत्साह और उमंग के साथ प्रतियोगिता में भाग लिया। मटकी फोड़ने के दौरान पूरा परिसर ‘जय श्रीकृष्ण’ के जयघोष से गूंज उठा।

रूप सज्जा प्रतियोगिता में बच्चों ने जीते पुरस्कार

प्रभु आहार के अध्यक्ष राकेश कुमार ने बताया कि बच्चों की रूप सज्जा प्रतियोगिता को दो वर्गों में आयोजित किया गया। दोनों वर्गों के प्रथम आठ प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया गया।

कृष्ण वर्ग में निशांत कुमार प्रथम, दिव्यांश कुमार द्वितीय और ज्ञानेश राज तृतीय रहे। वहीं राधा वर्ग में किया शर्मा प्रथम, समृद्धि रॉय द्वितीय और रेवांशी सिंह तृतीय रहीं।

महोत्सव में विशेष योगदान देने वाले संरक्षक गणेश खेतड़ीवाल सहित राकेश कुमार, धर्मराज केशरी, शम्भू प्रसाद, डॉ. गीता जैन, पवन कुमार, अजय कुमार गुप्ता, दुर्गा राय, गोपाल कृष्ण, प्रेम कुमार, आदित्य राज और विजय जैन को सम्मानित किया गया।

महासचिव मुकेश जैन ने कहा कि महोत्सव का उद्देश्य भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव को उत्साहपूर्वक मनाने के साथ भारतीय संस्कृति, कला और परंपराओं को नई पीढ़ी तक पहुंचाना है। इस बार पारंपरिक कला रूपों के साथ आधुनिक मंचन का समन्वय किया गया।

कार्यक्रम संयोजक एम.पी. जैन ने कहा कि राजधानीवासियों ने परिवार के साथ महोत्सव में उत्साहपूर्वक भाग लिया। बच्चों की रूप सज्जा, आशीष ग्रुप की सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, रासलीला और मटकी फोड़ प्रतियोगिता ने आयोजन को यादगार बना दिया।

अंत में श्रद्धालुओं के बीच महाप्रसाद का वितरण किया गया। बड़ी संख्या में सदस्य और श्रद्धालु कार्यक्रम में उपस्थित रहे।