16 बोगी की मेमू ट्रेन चलाने की मांग

Live ख़बर

रंजित प्रसाद सिन्हा की रिपोर्ट

बिहार डेली पैसेंजर्स एसोसिएशन ने हर घंटे सवारी ट्रेनों के परिचालन की मांग उठाई

पटना | 30 अगस्त 2026: बिहार डेली पैसेंजर्स एसोसिएशन की प्रदेश कार्यकारिणी समिति की बैठक इरफान सिद्दीकी के निवास पर अध्यक्ष अवध बिहारी पाण्डेय की अध्यक्षता में हुई। बैठक में सवारी ट्रेनों के विलंबित परिचालन और मेमू ट्रेनों में यात्रियों की बढ़ती भीड़ को लेकर चर्चा की गई।

एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने कहा कि 63217/63218 दानापुर-मोकामा-बरौनी सवारी ट्रेन समेत कई मेमू ट्रेनों में 12 बोगी के रैक का परिचालन किया जा रहा है। यात्रियों की संख्या अधिक होने के कारण उन्हें यात्रा के दौरान काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।

सभी मेमू ट्रेनों में 16 बोगी का रैक लगाने की मांग

बैठक में पूर्व मध्य रेल के महाप्रबंधक छत्रसाल सिंह और दानापुर मंडल के मंडल रेल प्रबंधक विनोद कुमार से मांग की गई कि यात्रियों की सुविधा को देखते हुए सभी मेमू ट्रेनों को 16 बोगी के रैक के साथ चलाया जाए।

एसोसिएशन ने सवारी ट्रेनों के परिचालन की संख्या बढ़ाते हुए हर घंटे सवारी ट्रेन चलाने की भी मांग की। यात्रियों की बढ़ती संख्या और नियमित आवागमन को देखते हुए एसोसिएशन ने रेलवे से इस दिशा में शीघ्र आवश्यक कदम उठाने का आग्रह किया।

बैठक में मुख्य संरक्षक वीरेंद्र प्रसाद शर्मा, अध्यक्ष अवध बिहारी पाण्डेय, कार्यकारी अध्यक्ष अशोक कुमार, महासचिव शोएब कुरैशी, विद्या भूषण सिंह, अशोक कुमार सिंह, दिलीप कुमार, मोहम्मद सज्जाद आलम, मोहम्मद सिद्दीक, उमेश प्रसाद, एम.आई. सिद्दीकी, रामजी प्रसाद, अस्तानंद सिंह सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।