– संतोष श्रीवास्तव की रिपोर्ट
चंदनकियारी थाना के समीप 5.45 लाख की चोरी, सीसीटीवी में कैद वारदात; डंप डेटा रिपोर्ट का इंतजार
चंदनकियारी (बोकारो) : 31 अगस्त 2026 | चंदनकियारी थाना के ठीक समीप पुरुलिया रोड स्थित सुलोचना एंटरप्राइज नामक सीमेंट एजेंसी में हुई 5 लाख 45 हजार रुपये की चोरी के मामले में एक सप्ताह से अधिक समय बीतने के बाद भी पुलिस के हाथ कोई ठोस सुराग नहीं लगा है। अज्ञात अपराधियों ने बीते रविवार की देर रात एजेंसी का ताला तोड़कर नकदी पर हाथ साफ कर दिया था।
घटना के बाद पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। एजेंसी में लगे कैमरे में चोरी की पूरी वारदात कैद होने की बात सामने आई है। फुटेज में यह भी दिख रहा है कि घटना से कुछ समय पहले सड़क से पुलिस का गश्ती वाहन गुजरा था। पुलिस वाहन के आगे निकलते ही अपराधियों ने कथित रूप से वारदात को अंजाम दिया।
पूर्व में प्रकाशित खबर : सीमेंट दुकान से 5.45 लाख की चोरी, सीसीटीवी में कैद वारदात
आसपास के सीसीटीवी भी खंगाल रही पुलिस
पुलिस ने घटना से जुड़े सुराग जुटाने के लिए आसपास के अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज की भी जांच शुरू की है। हालांकि अब तक जांच में कोई ठोस सफलता नहीं मिली है।
चंदनकियारी थाना प्रभारी के अनुसार मामले का अनुसंधान जारी है। घटना के समय क्षेत्र में सक्रिय मोबाइल नंबरों की जानकारी के लिए डंप डेटा मांगा गया है, लेकिन इसकी रिपोर्ट अभी पुलिस को प्राप्त नहीं हुई है।
पुलिस वैज्ञानिक साक्ष्यों के साथ-साथ मानवीय सूचना तंत्र के माध्यम से भी अपराधियों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।
थाने से बेहद करीब हुई इस बड़ी चोरी और वह भी पुलिस गश्ती वाहन के गुजरने के कुछ ही समय बाद वारदात होने से स्थानीय व्यापारियों में चिंता और दहशत का माहौल है। व्यापारियों का कहना है कि थाना क्षेत्र के आसपास सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी गंभीरता से विचार किए जाने की जरूरत है।

