– संतोष श्रीवास्तव की रिपोर्ट
दीवार तोड़कर दुकान में घुसे चोर, अलमारी और गल्ले से उड़ाई नकदी; पुलिस जांच में जुटी
चंदनकियारी (बोकारो) | 24 अगस्त 2026: चंदनकियारी थाना क्षेत्र में चोरों ने एक सीमेंट दुकान की दीवार तोड़कर 5.45 लाख रुपये नकद चोरी कर लिए। घटना चंदनकियारी-पुरुलिया मुख्य मार्ग स्थित सुलोचना इंटरप्राइजेज में रविवार देर रात करीब 12 बजे हुई। चोरी की पूरी वारदात दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।
जानकारी के अनुसार, बदमाश दुकान की छत पर चढ़े और सीढ़ी रूम की दीवार तोड़कर अंदर दाखिल हुए। इसके बाद अलमारी का ताला तोड़कर उसमें रखे 5 लाख रुपये और काउंटर का गल्ला तोड़कर 45 हजार रुपये नकद लेकर फरार हो गए।
सोमवार सुबह दुकान खोलने पहुंचे संचालक को अलमारी और काउंटर के ताले टूटे मिले। जांच करने पर नकदी गायब मिली। दुकान मालिक के अनुसार, लगातार दो दिनों तक बैंक बंद रहने के कारण बिक्री के 45 हजार रुपये गल्ले में रखे थे, जबकि 5 लाख रुपये सुरक्षा के लिहाज से अलमारी में रखे गए थे।
सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चोरों की तलाश
घटना की सूचना मिलते ही चंदनकियारी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान तथा उनके आने-जाने के रास्ते का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।
दुकान संचालक की लिखित शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मुख्य मार्ग पर हुई इस चोरी के बाद स्थानीय व्यापारियों में सुरक्षा को लेकर चिंता और नाराजगी है।

