बाढ़ में चार लोगों की मौत का सस्पेंस: शराब का पैग या मछली-रोटी बनी वजह?

Live ख़बर

– एस०एन०चतुर्वेदी की रिपोर्ट

पांचवां पैग किसका था? बेढ़ना के सैदपुर टोला की घटना में पुलिस जांच पर उठे सवाल

पटना/बाढ़, 31 अगस्त । जहरीली शराब की एक-एक घूंट या फिर मछली-रोटी में मिला जहर- आखिर चार लोगों की संदिग्ध मौत का असली कारण क्या था? यही नहीं, मौके पर मिला पांचवां पैग किसका था? बेढ़ना के सैदपुर टोला में हुई इस दर्दनाक घटना के असली कारणों का खुलासा करने में पुलिस अभी तक विफल रही है।

रविवार को आयोजित एक नन-वेज पार्टी के दौरान मछली-रोटी खाने और कथित तौर पर शराब पीने के तुरंत बाद चार लोगों की मौत हो गई थी। घटना से आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने फोरलेन जाम कर जमकर हंगामा किया। सूचना मिलते ही उप-मुख्यमंत्री/कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा, एसडीएम कृष्णा जोशी, ग्रामीण एसपी कुंदन कुमार और एएसपी अभिषेक श्रीवास्तव भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुँचे। एसडीएम ने फॉरेंसिक जांच रिपोर्ट आने के बाद सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया था।

हालाँकि, ग्रामीणों के मन में कई अनुत्तरित प्रश्न बने हुए हैं- यदि मौत जहरीली शराब से हुई, तो वह शराब कहाँ से आई? और अगर खाना जहरीला था, तो उसमें ज़हर किसने मिलाया? सबसे बड़ा सवाल यह है कि टेबल पर रखा पांचवां गिलास किसका था? पूरे गांव में मातमी सन्नाटा पसरा है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पीड़ित परिवार पुलिस से त्वरित जांच, दोषियों की गिरफ्तारी और मुआवजे की मांग कर रहे हैं। अब देखना होगा कि पुलिस इस गुत्थी से पर्दा कब तक उठा पाती है।

Verified by MonsterInsights