गंगा की बाढ़ से प्रभावित बख्तियारपुर में राहत कार्यों में जुटे चेयरमैन पवन कुमार

Live ख़बर

– एस०एन०चतुर्वेदी की रिपोर्ट

नगर परिषद चेयरमैन ने एसडीओ कृष्णा जोशी से की बातचीत, प्रभावित लोगों की समस्याओं की जानकारी ली; सांसद रविशंकर प्रसाद ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों को आपदा क्षेत्र घोषित करने की मांग की

बख्तियारपुर, 10 सितंबर 2026: पूर्व मुख्यमंत्री एवं राज्यसभा सांसद नीतीश कुमार के गृह क्षेत्र बख्तियारपुर में गंगा नदी के बढ़ते जलस्तर से उत्पन्न बाढ़ की स्थिति ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। बाढ़ से प्रभावित लोगों के बीच नगर परिषद चेयरमैन पवन कुमार लगातार सक्रिय हैं और प्रभावित परिवारों को हर संभव सहयोग उपलब्ध कराने में जुटे हैं।

नगर परिषद चेयरमैन पवन कुमार ने बाढ़ पीड़ितों की समस्याओं को लेकर बाढ़ अनुमंडल पदाधिकारी कृष्णा जोशी से बातचीत की और प्रभावित लोगों की स्थिति एवं उनकी समस्याओं की जानकारी दी। उन्होंने बाढ़ से प्रभावित लोगों को आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराने की दिशा में प्रशासनिक स्तर पर आवश्यक कार्रवाई का आग्रह किया।

गंगा के बढ़ते जलस्तर से बिगड़े हालात का जायजा लेने क्षेत्रीय सांसद रविशंकर प्रसाद भी बख्तियारपुर पहुंचे। उन्होंने नगर परिषद चेयरमैन पवन कुमार एवं अनुमंडल पदाधिकारी कृष्णा जोशी से बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों की स्थिति की जानकारी ली। इसके बाद उन्होंने बिहार सरकार से प्रभावित इलाकों को बाढ़ प्रभावित आपदा क्षेत्र घोषित करने की मांग की।

SH-106 समेत कई इलाकों में पहुंचा बाढ़ का पानी

गंगा नदी का जलस्तर बढ़ने के कारण SH-106 पर भी बाढ़ का पानी चढ़ गया है। वहीं चर्च के पास स्थित विमला विद्यालय, रानीसराय गांव और बख्तियारपुर पुरानी हाट के पास मुख्य सड़क तक गंगा का पानी पहुंच गया है। इससे वाहनों के आवागमन में लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

बख्तियारपुर नगर परिषद क्षेत्र में गंगा का जलस्तर बढ़ने से वार्ड संख्या 01, 02, 04, 11, 25, 26 और 27 के आमजनों को भी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।

सिंचाई विभाग में बाढ़ पीड़ितों के लिए ठहरने की व्यवस्था

बख्तियारपुर सिंचाई विभाग में आमजनों के ठहरने की व्यवस्था की गई है। यहां बाढ़ प्रभावित लोगों के लिए भोजन, पानी और रहने की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। इसके साथ ही पशुओं के रख-रखाव तथा उनके लिए चारे की भी व्यवस्था की गई है, ताकि बाढ़ प्रभावित परिवारों को अपने पशुओं को लेकर परेशानी का सामना न करना पड़े।

मौके पर क्षेत्रीय सांसद रविशंकर प्रसाद ने गंगा की धारा से प्रभावित करनौती पंचायत के रानीसराय, नगर परिषद क्षेत्र के वार्ड नंबर 1, 2, 10, 11, 25, 26 और 27 सहित दियारा क्षेत्र की पांच पंचायतों को बिहार सरकार से बाढ़ प्रभावित क्षेत्र घोषित करने की मांग की।

दियारा क्षेत्र की पंचायतों का अंचलाधिकारी ने लिया जायजा

उधर, अंचलाधिकारी पवन कुमार शाह ने बाढ़ की विभीषिका से जूझ रहे बख्तियारपुर के दियारा क्षेत्र की चार पंचायतों—चिरैया, रूपस महाजी, कालादियारा और हरदासपुर—का जायजा लिया। उन्होंने प्रभावित क्षेत्रों की स्थिति और लोगों की परेशानियों की जानकारी ली।

वहीं, नगर परिषद चेयरमैन पवन कुमार बाढ़ पीड़ितों के बीच घूम-घूमकर उनका हालचाल लेते रहे। वे अपने सहयोगियों के साथ प्रभावित लोगों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराने में जुटे हैं। बाढ़ प्रभावित परिवारों की समस्याओं की जानकारी लेकर उनके समाधान के लिए प्रशासनिक अधिकारियों से भी संपर्क किया जा रहा है।

बख्तियारपुर के कई बाढ़ पीड़ितों सहित अन्य लोगों ने नगर परिषद चेयरमैन पवन कुमार के राहत कार्यों की सराहना की है। लोगों का कहना है कि संकट की इस घड़ी में चेयरमैन लगातार प्रभावित परिवारों के बीच पहुंचकर उनकी समस्याओं को समझ रहे हैं और हर संभव सहयोग उपलब्ध कराने का प्रयास कर रहे हैं।

Verified by MonsterInsights