– एस०एन०चतुर्वेदी की रिपोर्ट
सहनौरा एवं ढीबर गांव के बाढ़ पीड़ित परिवारों को मिली सूखी खाद्य सामग्री; विधायक डॉ. सियाराम सिंह ने की एनटीपीसी की पहल की सराहना
पटना/बाढ़, 10 सितंबर 2026: राजधानी पटना से महज 70 किलोमीटर दूर स्थित बाढ़ अनुमंडल में एनटीपीसी परियोजना की ओर से सामुदायिक विकास कार्यक्रम के अंतर्गत 10 सितंबर 2026 को बाढ़ प्रभावित परिवारों के बीच राहत खाद्य सामग्री का वितरण किया गया।
ढीबर ग्राम पंचायत के सहनौरा एवं ढीबर गांव के बाढ़ प्रभावित परिवारों के बीच राहत सामग्री वितरित की गई। राहत सामग्री का वितरण स्थानीय विधायक डॉ. सियाराम सिंह ने किया। कार्यक्रम में बाढ़ एनटीपीसी के मानव संसाधन विभाग से प्रशांत कुमार सामल, पंजीकार उप महाप्रबंधक (सीएसआर एवं आरएंडआर) मनोज कुमार, कार्यकारी (सीएसआर एवं आरएंडआर) मोहम्मद लबीब अख्तर तथा कार्यकारी (नैगम संचार) विकास धर द्विवेदी उपस्थित रहे।
राहत सामग्री में दैनिक उपयोग की सूखी खाद्य सामग्री उपलब्ध कराई गई। इस पहल का उद्देश्य बाढ़ से प्रभावित जरूरतमंद परिवारों को तत्काल आवश्यक सहायता उपलब्ध कराना है। एनटीपीसी की ओर से बाढ़ प्रभावित परिवारों तक राहत पहुंचाने की इस पहल को स्थानीय स्तर पर महत्वपूर्ण कदम माना गया।
कार्यक्रम के दौरान विधायक डॉ. सियाराम सिंह ने बाढ़ प्रभावित परिवारों तक सहायता पहुंचाने के लिए एनटीपीसी की पहल की सराहना की। उन्होंने कहा कि आपदा एवं कठिन परिस्थितियों में बाढ़ प्रभावित लोगों की सहायता करना सामाजिक जिम्मेदारी का महत्वपूर्ण हिस्सा है, जिसमें एनटीपीसी सदैव तत्पर रहता है।
उन्होंने कहा कि बाढ़ जैसी आपदा की स्थिति में जरूरतमंद परिवारों तक समय पर आवश्यक सामग्री पहुंचाना बेहद जरूरी है। एनटीपीसी द्वारा सामुदायिक विकास कार्यक्रम के माध्यम से प्रभावित परिवारों की मदद किया जाना सामाजिक सरोकार की दिशा में सराहनीय प्रयास है।
