अनमैप्ड मतदाताओं की सुनवाई का डीसी ने लिया जायजा

Live ख़बर

– संतोष श्रीवास्तव की रिपोर्ट

बेरमो पश्चिमी पंचायत कार्यालय में एसआईआर-2026 के तहत सुनवाई, मतदाताओं को दस्तावेज प्रस्तुत कर पक्ष रखने का अवसर

बोकारो : 31 अगस्त 2026 | जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त अजय नाथ झा ने सोमवार को एसआईआर-2026 के तहत बेरमो पश्चिमी पंचायत कार्यालय में अनमैप्ड मतदाताओं के लिए संचालित सुनवाई प्रक्रिया का निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से सुनवाई की प्रगति और अब तक की गई कार्रवाई की जानकारी लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

उपायुक्त की मौजूदगी में एईआरओ-सह-अंचल अधिकारी संजीत कुमार और अतिरिक्त एईआरओ-सह-प्रखंड विकास अधिकारी मुकेश कुमार ने मतदान केंद्र संख्या 62 और 63 से जुड़े मतदाताओं अजोला खातून, हाजरा खातून और राजबाला के मामलों की औपचारिक सुनवाई की।

सुनवाई के दौरान भारत निर्वाचन आयोग के निर्धारित मानकों के अनुसार संबंधित मतदाताओं को आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत करने और अपना पक्ष रखने का अवसर दिया गया। मतदाताओं द्वारा दस्तावेज उपलब्ध कराए जाने के बाद संबंधित मामलों की प्रक्रिया पूरी की गई।

सभी अनमैप्ड मतदाताओं को नोटिस

एईआरओ ने बताया कि बीएलओ के माध्यम से सभी अनमैप्ड मतदाताओं को नोटिस जारी किए गए हैं। नोटिस के जरिए उन्हें एईआरओ के समक्ष उपस्थित होकर आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत करने और अपना पक्ष रखने की जानकारी दी गई है।

अधिकारियों के अनुसार पूरी सुनवाई प्रक्रिया भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप संचालित की जा रही है। निरीक्षण के दौरान सहायक जनसंपर्क अधिकारी अविनाश कुमार सिंह सहित निर्वाचन शाखा के अन्य कर्मी मौजूद रहे।