– संतोष श्रीवास्तव की रिपोर्ट
एप्रोच रोड का गार्डवॉल गिरने पर ग्रामीणों में आक्रोश, जेएलकेएम नेता अर्जुन रजवार ने लगाए गंभीर आरोप
चंदनकियारी (बोकारो) : 31 अगस्त 2026 | चंदनकियारी में निर्माणाधीन सड़क और पुल के संपर्क पथ की गुणवत्ता को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। जेएलकेएम के केंद्रीय महासचिव और चंदनकियारी विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी अर्जुन रजवार ने राज्य सरकार और स्थानीय जनप्रतिनिधियों पर विकास कार्यों में अनियमितता और सरकारी धन की कथित बंदरबांट का आरोप लगाया है।
रजवार के अनुसार पथ निर्माण विभाग, बोकारो प्रमंडल की ओर से हुटुपाथर-मिर्धा पीडब्ल्यूडी सड़क पर घाघरी और कलियादाग गांव के समीप खलिसा नदी पर करीब दो करोड़ रुपये की लागत से पुल के एप्रोच रोड का निर्माण कराया जा रहा है। रविवार सुबह निर्माणाधीन संपर्क पथ के किनारे बना गार्डवॉल अचानक भरभरा कर गिर गया।
उन्होंने आरोप लगाया कि गार्डवॉल ध्वस्त होने के बाद निर्माण की खामियों को छिपाने के लिए विभाग ने गिरे हुए हिस्से को काली पॉलिथीन से ढक दिया। इस पर तंज कसते हुए उन्होंने इसे ‘पॉलिथीन विकास’ करार दिया और निर्माण कार्य की गुणवत्ता की जांच की मांग उठाई।
बड़ा हादसा टला
अर्जुन रजवार ने कहा कि जिस समय गार्डवॉल ध्वस्त हुआ, उस दौरान वहां से कोई राहगीर या वाहन नहीं गुजर रहा था। इससे संभावित बड़ा हादसा टल गया। उन्होंने कहा कि घटना ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता और निगरानी व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं।
रजवार ने बताया कि एप्रोच रोड और गार्डवॉल का शिलान्यास स्थानीय विधायक उमाकांत रजक ने मई में किया था। शिलान्यास के करीब तीन महीने बाद ही निर्माणाधीन गार्डवॉल के ध्वस्त होने को उन्होंने कार्य की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल बताया।
उन्होंने राज्य सरकार और संबंधित विभाग से निर्माण कार्य की गुणवत्ता की जांच कराने की मांग करते हुए कहा कि सरकारी योजनाओं में खर्च होने वाली राशि जनता की है और जनता को उसके उपयोग का हिसाब मांगने का अधिकार है।
उन्होंने चेतावनी दी कि चंदनकियारी की जनता सरकारी धन के कथित दुरुपयोग का हिसाब समय आने पर जरूर मांगेगी।

