बोकारो में सेल कर्मियों का आंदोलन तेज: बिएकेएस ने किया 26 अक्टूबर से आमरण अनशन का एलान

Live ख़बर

–लाइव ख़बर नेशन || संतोष श्रीवास्तव

चास एसडीएम द्वारा अनुमति न मिलने पर बदली गई तारीख, सेल और बीएसएल के लंबित मुद्दों पर आर-पार की लड़ाई

बोकारो, 14 अक्टूबर 2026: सेल कॉर्पोरेट कार्यालय और बोकारो स्टील प्लांट स्तर पर कर्मचारियों के लंबे समय से लंबित मुद्दों का समाधान न होने के विरोध में बोकारो इस्पात कामगार यूनियन (बिएकेएस) ने चौथे चरण के तहत आमरण अनशन की नई तारीख की घोषणा कर दी है। चास अनुमंडलाधिकारी (एसडीएम) द्वारा प्रशासनिक भवन के सामने चल रहे विस्थापितों के आंदोलन का हवाला देकर अनुमति न दिए जाने के बाद, यूनियन ने आपातकालीन बैठक कर दुर्गा पूजा के उपरांत 26 अक्टूबर, सोमवार सुबह 10 बजे से अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल शुरू करने का निर्णय लिया है।

उल्लेखनीय है कि बिएकेएस ने सेल स्तर के 45 और बीएसएल के 50 से अधिक लंबित मुद्दों को लेकर चार चरणों में चरणबद्ध आंदोलन का एलान किया था। इसके तहत पहले चरण में काला बिल्ला लगाकर कार्य करना, दूसरे चरण में विभागाध्यक्ष कार्यालयों के बाहर प्रदर्शन और तीसरे चरण में काले झंडे के साथ मौन जुलूस निकाला जा चुका है। पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 12 अक्टूबर से प्रशासनिक भवन के समक्ष अनशन प्रस्तावित था, जिसकी सूचना इस्पात मंत्रालय, इस्पात सचिव और सेल प्रबंधन को दी गई थी। हालांकि प्रशासन की ओर से नई तिथि व स्थल चयन के सुझाव के बाद यूनियन ने इसे स्थगित कर 26 अक्टूबर से शुरू करने का प्रस्ताव पारित किया।

यूनियन के अध्यक्ष दिलीप कुमार ने सभी सदस्यों से चौथे चरण के आंदोलन में पूरी ताकत से भागीदारी सुनिश्चित करने का आह्वान किया। वहीं यूनियन के महासचिव हरिओम ने कहा कि जिला प्रशासन के निर्देश का सम्मान करते हुए फिलहाल हड़ताल को टाला गया है, लेकिन आंदोलन खत्म नहीं हुआ है। समय रहते सभी पक्षों को सूचित करने के बावजूद मांगों की अनदेखी की जा रही है, जिसके चलते कर्मचारी अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर जाने को विवश हैं।

Verified by MonsterInsights