– संतोष श्रीवास्तव की रिपोर्ट
मुख्यालय में छह समेत विभिन्न क्षेत्रों से सेवानिवृत्त कर्मियों का सम्मान, अधिकारियों ने अनुभव को कंपनी की अमूल्य धरोहर बताया
रांची : 31 अगस्त 2026 | सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड (सीसीएल) मुख्यालय, रांची में अगस्त 2026 में सेवानिवृत्त हुए कर्मियों के सम्मान में गरिमापूर्ण विदाई समारोह आयोजित किया गया। मुख्यालय से सेवानिवृत्त छह कर्मियों के साथ सीसीएल के विभिन्न क्षेत्रों में कार्यरत रहे कुल 132 सेवानिवृत्त कर्मियों को उनके-अपने क्षेत्रों में आयोजित कार्यक्रमों के माध्यम से सम्मानपूर्वक विदाई दी गई।
सीसीएल मुख्यालय में आयोजित समारोह के दौरान सेवानिवृत्त कर्मियों के सेवाकाल की स्मृतियों और अनुभवों पर आधारित एक लघु फिल्म भी प्रदर्शित की गई। इसमें कर्मियों ने कंपनी के साथ अपने कार्यकाल के अनुभव, भावनाएं और यादें साझा कीं।
मुख्यालय से छह कर्मी हुए सेवानिवृत्त
मुख्यालय से सेवानिवृत्त होने वालों में राजेश मोहन, महाप्रबंधक (सिविल), वेलफेयर एंड सर्विसेज/सिविल विभाग; डॉ. राजीव कुमार जायसवाल, सीएमओ, दरभंगा हाउस डिस्पेंसरी; सुनीता रवि, मैट्रन ए-1, गांधी नगर अस्पताल; अबनिधर मुखर्जी, ड्राइवर, उत्खनन विभाग; गोवर्धन राम, डुप्लीकेट/जेरॉक्स ऑपरेटर, वित्त (वेतन प्रकोष्ठ) तथा तुलसी केरकेट्टा, वार्ड परिचारक, गांधी नगर अस्पताल शामिल हैं।
सेवानिवृत्ति नए अध्याय की शुरुआत : हर्ष नाथ मिश्र
समारोह में निदेशक (मानव संसाधन) हर्ष नाथ मिश्र और मुख्य सतर्कता अधिकारी पंकज कुमार मुख्य रूप से उपस्थित रहे।
निदेशक (मानव संसाधन) हर्ष नाथ मिश्र ने सेवानिवृत्त कर्मियों को दीर्घकालीन सेवा और कंपनी के प्रति समर्पण के लिए बधाई दी। उन्होंने कहा कि सीसीएल की प्रगति में प्रत्येक कर्मी का योगदान महत्वपूर्ण रहा है। सेवानिवृत्ति सेवा का अंत नहीं, बल्कि जीवन के नए अध्याय की शुरुआत है। उन्होंने सभी सेवानिवृत्त कर्मियों के स्वस्थ, सुखद और समृद्ध भविष्य की कामना की।
अनुभव और योगदान कंपनी की अमूल्य धरोहर : पंकज कुमार
मुख्य सतर्कता अधिकारी पंकज कुमार ने कहा कि सेवानिवृत्त कर्मियों ने अपने अनुभव, मेहनत और प्रतिबद्धता से सीसीएल को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। उनका अनुभव और योगदान कंपनी की अमूल्य धरोहर है। उन्होंने सेवानिवृत्त कर्मियों और उनके परिवारजनों के स्वस्थ एवं खुशहाल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
समारोह में विभिन्न विभागों के महाप्रबंधक, विभागाध्यक्ष, अधिकारी, कर्मचारी तथा सेवानिवृत्त कर्मियों के परिजन उपस्थित रहे। इस अवसर पर सेवानिवृत्त कर्मियों को शॉल, पुष्पगुच्छ और स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मानपूर्वक विदाई दी गई।

