– रंजीत प्रसाद सिन्हा की रिपोर्ट
वेंडिंग जोन, स्मार्ट लाइटिंग, सड़क-नाला और एम्स-खगौल कॉरिडोर के सौंदर्यीकरण को मिली प्राथमिकता
खगौल, 01 सितंबर 2026: खगौल नगर परिषद क्षेत्र के पुराने और नवविस्तारित इलाकों को आधुनिक स्वरूप देने के लिए बड़े पैमाने पर विकास योजनाओं को धरातल पर उतारा जा रहा है। बिहार सरकार के सहकारिता मंत्री राम कृपाल यादव ने क्षेत्र के समग्र विकास का खाका पेश करते हुए बताया कि कई महत्वपूर्ण परियोजनाएं तेजी से स्वीकृति और क्रियान्वयन के दौर में हैं।
योजना के तहत खगौल लख के पास अत्याधुनिक वेंडिंग जोन का निर्माण किया जाएगा। इस बहुउद्देशीय परिसर में अंडरग्राउंड पार्किंग, ईवी चार्जिंग स्टेशन, कोल्ड स्टोरेज, बैंक-एटीएम और सुव्यवस्थित थोक व खुदरा बाजार की सुविधाएं उपलब्ध होंगी। इससे न केवल स्थानीय कारोबार को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि जाम की समस्या से भी निजात मिलेगी।
इलाके को रोशन करने के लिए करीब 4 करोड़ रुपये की लागत से 1500 स्ट्रीट लाइटें और 15 प्रमुख स्थानों पर हाईमास्ट लाइटें लगाई जा रही हैं। इसके साथ ही एम्स गोलंबर से खगौल लख तक नहर किनारे आकर्षक वॉकवे और सिटिंग एरिया बनाकर सौंदर्यीकरण किया जाएगा। सांस्कृतिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए मोती चौक स्थित आर्यभट्ट सामुदायिक भवन का पुनर्निर्माण और सम्राट अशोक सामुदायिक भवन का नया ढांचा तैयार किया जा रहा है। बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के उद्देश्य से करोड़ों रुपये की सड़क व नाला निर्माण परियोजनाएं भी प्रशासनिक स्वीकृति के अंतिम चरण में हैं।
