आरक्षण और यूजीसी कानून पर करणी सेना का फूटा गुस्सा, फूंका पुतला

Live ख़बर

– एस०एन०चतुर्वेदी की रिपोर्ट

आर्थिक आधार पर आरक्षण और यूजीसी कानून वापसी की मांग, एसडीएम को सौंपा ज्ञापन

बाढ़ (पटना), 1 सितम्बर 2026: आर्थिक आधार पर आरक्षण लागू करने और यूजीसी कानून को वापस लेने की मांग को लेकर करणी सेना एवं सवर्ण समाज के युवाओं ने व्यापक विरोध प्रदर्शन किया। करणी सेना के प्रदेश नेता राणा विजय सिंह के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने सवेरा सिनेमा मोड़ से कचहरी मोड़ तक विरोध मार्च निकाला।

कचहरी मोड़ पर प्रदर्शनकारियों ने केंद्र और राज्य सरकार के खिलाफ जोरदार नारेबाजी करते हुए प्रधानमंत्री एवं केंद्रीय गृह मंत्री का पुतला दहन किया। इसके बाद अपनी मांगों को लेकर अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीएम) कृष्णा जोशी को ज्ञापन सौंपा।

सभा को संबोधित करते हुए राणा विजय सिंह ने कहा कि जब तक आर्थिक आधार पर आरक्षण लागू नहीं होता और यूजीसी कानून वापस नहीं लिया जाता, तब तक यह आंदोलन अनवरत जारी रहेगा। उन्होंने युवाओं व आम लोगों से इस मुहिम में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने का आह्वान किया।